आरोपी से फर्जी नियुक्ति पत्र, मार्कशीट और शपथ पत्र बरामद
सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर बनाते थे शिकार
पुलिस गिरोह के चार सदस्यों को पूर्व में भेज चुकी जेल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के फरार पांच हजार के इनामी सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से पुलिस ने दो फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र, 14 फर्जी मार्कशीट और 03 फर्जी शपथ पत्र बरामद किये है। बताया जा रहा हैं कि गिरोह बेरोजगारों सेे लाखों ऐंठ कर लोक सेवा आयोग का फर्जी नियुक्ति पत्र थमाते थे। पुलिस गिरोह के चार सदस्यों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने फरार आरोपी को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली लक्सर अमरजीत सिंह ने बताया कि 29 दिसम्बर 22 को पुलिस ने सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वालेे गिरोह का खुलासा करते हुए युवती समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। जिनके पास से पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से एक लैपटाॅप, फर्जी नियुक्ति पत्र, विभिन्न विभागों की 9 मोहरे, अभ्यर्थियों के शैक्षिक अंकतालिकाए, एक दर्जन से अधिक चैक बुक, पास बुक, 90 हजार की नगदी, 6 मोबाइल फोन, तीन चार पहिया वाहन, गार्ड को पहनने वाली आर्मी की वर्दी व पुलिस की जैकेट आदि समान बरामद की। जबकि गिरोह का सरगना फरार था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम विजय नोटियाल पुत्र मीर सिंह, रेणू पुत्री मीर सिंह, नितिन पुत्र चमन निवासीगण टिक्कमपुर लक्सर हरिद्वार और सिद्धार्थ पुत्र नवबहार निवासी धारीवाला पथरी हरिद्वार बताया था। जबकि गिरोह का सरगना अजय नोटियाल पुत्र मीर सिंह निवासी टिक्कमपुर लक्सर हरिद्वार फरार था। जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया था कि गिरोह बेरोजगारों को विभिन्न सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 5-10 लाख लेकर उनका इंटरव्यू लेने के लिए बड़े होटलो में बुलाता था। बेरोजगारों को सरकारी विभागों में विभागीय 10 प्रतिशत कोटे के नाम पर लोक सेवा आयोग तथा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के फर्जी नियुक्ति पत्र देता था। गिरोह पर शक ना होने पर बेरोजगारों पर अपना रौब दिखाने के लिये आर्मी की वर्दी पहने दो गार्ड भी रखे हुए थे। पुलिस ने गिरफ्तार किये गये चारों आरोपियों को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस फरार गिरोह के सरगना की तलाश में जुटी थी। फरार आरोपी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस फरार इनामी की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि फरार इनामी को रोशनाबाद क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताये गये स्थान पर घेर घोट कर आरोपी को अजय नोटियाल पुत्र मीर सिंह निवासी टिक्कमपुर कोतवाली लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से पुलिस ने दो फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र, 14 फर्जी मार्कशीट और 03 फर्जी शपथ पत्र बरामद किये है। पुलिस ने आरोपी को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
