डीएम हरिद्वार और पौड़ी को सम्पत्ति जब्त करने की रिपोर्ट भेजी
उत्तराखण्ड के चर्चित अंकिता हत्याकाण्ड का हैं मुख्यारोपी
गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल पौने तीन करोड़ की सम्पत्ति होगी जब्त
मुकेश वर्मा
कोटद्वार। पौड़ी पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर अपराध करने वाले अंकिता हत्याकाण्ड के आरोपी की गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल पौने तीन करोड़ की सम्पत्ति जब्त करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी हरिद्वार और जिलाधिकारी पौडी डाॅ0 आशीष चौहान को भेजी है। इस बात की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने मीडियां को दी है।
उन्होंने बताया कि अंकिता भण्डारी हत्याकाण्ड से सम्बन्धित मुख्य आरोपी पुलकित आर्य द्वारा अपने गैंग के सदस्यों के साथ संगठित गिरोह बनाकर उत्तराखण्ड़ के जनपद हरिद्वार एवं पौड़ी गढ़वाल में अपने होटल/रिजोर्ट तथा उसके आसपास के क्षेत्र में असामाजिक कृत्यों से अवैध धन अर्जित किया गया। इस सम्बन्ध में जनपद के थाना लक्ष्मणझूला में सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक लैन्सडाउन मनिभूषण श्रीवास्तव वर्तमान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के सुपुर्द की गयी। उनके द्वारा गैंग बनाकर अपराध करते हुये अवैध सम्पत्ति अर्जित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
उन्होंने बताया कि विवेचक द्वारा आरोपियों की आपराधिक कृत्य कर अवैध रुप से अर्जित की गयी सम्पत्ति की जानकारी की गयी तो पाया कि मुख्य आरोप पुलकित आर्य पुत्र डाॅ0 विनोद आर्य, निवासी आर्यनगर, ज्वालापुर हरिद्वार, हाल निवासी वनन्तरा रिजोर्ट गंगापुर, पौड़ी गढ़वाल के द्वारा अपने गैंग के अन्य सदस्यों सौरभ भाष्कर एवं अंकित उर्फ पुलकित के साथ मिलकर समाज विरोधी क्रिया कलापों में संलिप्त रहते हुये क्षेत्र में विभिन्न आपराधिक घटनाओं को अन्जाम देकर लोक शान्ति व्यवस्था को अस्त-व्यस्त किया गया। आरोपी पुलकित आर्य एवं उसके गैंग के सदस्यों के इस प्रकार की आपराधिक कृत्यों से आम जनता में भारी आक्रोश पनपने के चलते प्रदेश में जगह-जगह धरना प्रदर्शन किये गये।
एसएसपी ने बताया कि गैंग के लीडर पुलकित आर्य द्वारा अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर संगठित अपराध करते हुये अवैध रुप से धन अर्जित किया गया है। आरोपी पुलकित आर्य द्वारा अवैध रुप से अर्जित की गयी चल अचल सम्पत्ति की जानकारी की गयी तो यह तथ्य प्रकाश में आये कि मुख्य आरोपी पुलकित आर्य द्वारा जनपद हरिद्वार के विशनपुर झरड़ा अहतमाल में 32 लाख रुपए की, सजनपुर पीली में 47,94,615 लाख रुपए एवं ज्ञानलोक कालोनी शेखपुरा कनखल में कुल 61,98,400 लाख भूमि अवैध रुप से अर्जित की गयी है। साथ ही आरोपी द्वारा एक आडी कार संख्या जिसकी कीमती 40 लाख रुपए व एक टाटा सफारी जिसकी कीमत 14 लाख रुपए के वाहन अवैध रुप से क्रय किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार आरोपी पुलकित आर्य द्वारा जनपद हरिद्वार में कुल 1,75,95,615 रुपए की अवैध् सम्पत्ति अर्जित की गई। आरोपी द्वारा अवैध रुप से अर्जित की गयी, उक्त सम्पत्ति को कुर्क करने सम्बंधी रिपोर्ट जिलाधिकारी हरिद्वार को प्रेषित की गयी है। इसी तरह जनपद पौड़ी गढ़वाल में आरोपी द्वारा अवैध रुप से सरकारी वन भूमि पर अतिक्रमण करते हुये गंगा भोगपुर में वनन्तरा रिजोर्ट जिसकी कीमत 1,06,88,000 रुपए है, भूमि अर्जित की गयी है। अवैध अर्जित सम्पत्ति कुर्क करने सम्बंधी रिपोर्ट जिलाधिकारी पौड़ी को प्रेषित की गयी है। आरोपी पुलकित आर्य द्वारा जनपद हरिद्वार एवं जनपद पौड़ी में कुल 2,82,83,615 करोड़ रुपए की अवैध सम्पत्ति अर्जित की गयी है।
