■बेवफाई व झगड़े से परेशान होकर पति ने उतारा था मौत के घाट
■हत्या की गुत्थी सुलझाने पर आईजी व एसएसपी ने दिया इनाम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चंडीदेवी पैदल मार्ग में महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। हत्या की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस की मदद सत्यापन अभियान ने अहम भूमिका निभाई है। महिला को बेवफाई व रोजना के झगड़ों से तंग होकर पति ने गला घोट कर मौत के घाट उतारा था। पत्नी की हत्या से पूर्व पति ने चाकू से खुद को जख्मी करने की बात भी सामने आ रही है।
ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे पर गढवाल आईजी की ओर से 10 हजार और एसएसपी की ओर से 05 हजार के इनाम की घोषणा की गयी है। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ सम्ंबधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। महिला की हत्या का खुलासा एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने गुरूवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि श्यामपुर पुलिस ने 09 नवम्बर की सुबह चंडीदेवी पैदल मार्ग के जंगल से 30-32 साल की एक महिला का शव बरामद किया था। जिसकी गला घोट कर हत्या किये जाने के साक्ष्य मिले थे। पुलिस ने घटना स्थल से खून से सना चाकू, पैन, जूते बरामद किये थे। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त के प्रयास किये गये। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उनके द्वारा महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझाने तथा हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिये थे। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाते हुए मृतका की पहचान के लिए चंडीदेवी, हरकी पौड़ी समेत विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया।
कप्तान ने बताया कि पुलिस को मंशा देवी मन्दिर परिसर, चंडीदेवी मन्दिर परिसर और अपर रोड़ स्थित सीसीटीवी कैमरों में मृतका के चेहरे से मिलते जुलते चेहरे की महिला को एक व्यक्ति के साथ देखी गयी। पुलिस टीम ने महिला व उसके साथ नजर आने वाले शख्स की पहचान के प्रयास करते हुए विभिन्न इलाकों के सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए पुलिस द्वारा सत्यापन अभियान के तहत एकत्रित किये गये डेटा को भी खंगाला गया।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से मिले महिला व शख्स की फूटेज का पीछा करते हुए पुलिस टीम सिड़कुल क्षेत्र पहुंची। पुलिस टीम के फूटेज से मिले फोटो के जरिये पीछा करते हुए शख्स के सम्बंध में अहम सुराग हाथ लगे। जिसपर पुलिस टीम ने सिडकुल स्थित परमानंद विहार कॉलोनी में कैमरे में नजर आ रहे शख्स देखे जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम को कैमरे में नजर आ रहे संदिग्ध व्यक्ति की पहचान अजय निवासी बदांयू के रूप में हुई। जिसपर पुलिस की एक टीम बदांयू रवाना की गयी और दूसरी टीम मुखबिर की मदद से सिडकुल क्षेत्र में तालाश में जुटी रही।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध को 15 नवम्बर को सिडकुल क्षेत्र के रोशनाबाद से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने अपना नाम अजय पुत्र राजवीर निवासी सुंदरपुर थाना हजरतपुर, जिला बंदायु उत्तर प्रदेश बताते हुए मृतका को अपनी पत्नी बताते हुए उसकी हत्या को अंजाम देना स्वीकार किया। हत्यारोपी ने खुलासा किया कि महिला से उसका सिड़कुल क्षेत्र में मेल मिलाप हुआ था। जोकि गैर समुदाय से थी, लेकिन उसने उसके बावजूद उसको बदायूं ले जाकर उससे शादी कर ली।
लेकिन कुछ दिन बाद ही वह अपनी रिश्तेदारी में जाने का बहाना बनाकर गायब हो गई। उसके द्वारा तलाश करने पर मालूम हुआ कि उसकी पत्नी हरिद्वार में किसी लड़के के साथ रह रही है तो उसने अपनी पत्नी को तलाशकर पुनः साथ रहने के लिए मनाया और अपने साथ किराये के कमरे में ले गया। लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच में छोटी-छोटी बातों को लेकर मन मुटाव और लगभग रोजाना ही झगडा होने लगा। इस पर अजय ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार किया।
एसएसपी ने बताया कि हत्यारोपी ने खुलासा किया कि 08 नवंबर को वह अपनी पत्नी को मन्दिर घुमाने के बहाने हरिद्वार लाया। लेकिन सुनसान जगह न मिलने के चलते वह उसे हरकी पौड़ी से होते हुए पैदल-पैदल चंडी देवी मंदिर के लिए लेकर आ गया। रास्ते में मनमाफिक जगह दिखने पर उसने थक जाने का बहाना बनाकर बैठने के बहाने अपनी पत्नी को जंगल के सुनसान इलाके में ले गया। जहां पर उसने पत्नी की वेवफाई व रोज हो रहे झगड़े पर नाराजगी जताते हुए पहले तो उसने खुद चाकू निकालकर अपने हाथ पर तीन-चार वार किए और फिर गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर चाकू का वार करने का प्रयास किया।
लेकिन मृतका के विरोध करने पर चाकू छिटककर किनारे गिर गया। जिसपर उसने गुस्से में महिला के ऊपर बैठकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और पैदल बस अड्डे जाकर ऑटो से सिडकुल कमरे में पहुंचा। वहां उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया और अपने गांव बंदायू चला गया। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कप्तान ने बताया कि ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को गढवाल आईजी की ओर से 10 हजार और उनकी ओर से 05 हजार का इनाम देने की घोषणा की है। खुलासा करने वाली टीम में सीओ सिटी जूही मनराल, श्यामपुर एसओ नितेश शर्मा, चंडीघाट चौकी प्रभारी अशोक रावत, उपनिरीक्षक शशि भूषण जोशी, बलवंत पंवार, विनय मोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल प्रेम शामिल रहे।
