दोस्त की मदद से कम्पनी के 14.50 लाख की लूट को अंजाम दिलाया
लूट के मास्टर मांइड को पूछताछ के दौरान हुए खुलासे के बाद दबोचा
पुलिस टीम ने तीनों लूटेरों को किया मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार
लूटेरों से लूटी गई रकम से 13 लाख 50 हजार की नगदी बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। गोयल मनी ट्रांसफर एंड कंपनी की लाखों की लूट का मास्टर मांइड कम्पनी का ही कैश लोडर निकला। जिसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की योजना तैयार करते हुए वारदात को अंजाम दिलाया। योजना के तहत कैश लोडर का साथी अपने दो अन्य साथियों के साथ सेक्टर-2 के पास नोटों से भर बैग झपटकर फरार हो गये। पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने लूट के मास्टर मांइड समेत लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार लिया। पुलिस टीम ने लूटेरों से लूटी गयी रकम से 13 लाख 60 हजार की नगदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। लूट का खुलासा एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने शुक्रवार की शाम को मायापुर चौकी में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि गुरूवार को दिनदहाड़े सारेराह बाइक सवार तीन बदमाशों ने भेल सेक्टर-2 के पास गोयल मनी ट्रांसफर एंड कंपनी के दो कर्मचारियों से 14.5 लाख की लूट को अंजाम देकर हड़कम्प मचा दिया था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों राहुल त्यागी और गौरव से घटना की जानकारी लेते हुए बाइक सवार लूटेरों क तलाश शुरू की गई। लेकिन लूटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। जिसमें बाइक सवार तीन लूटेरे वारदात को अंजाम देकर भागते नजर आये। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात के खुलासे के लिए उनके द्वारा पुलिस टीमे गठित करते हुए सीआईयू टीम को भी शामिल किया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार लूटेरों की तलाश में पड़ोसी राज्यों में रवाना की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम गोयल मनी ट्रांसफर एंड कंपनी के दोनों कर्मचारियों से गहनता से पूछताछ में जुटी रही। इसी पूछताछ के दौरान पुलिस टीम को एक कर्मचारी राहुल त्यागी द्वारा घटना के सम्बंध में प्रारम्भिक सूचना देने पर शक पैदा हो गया। कर्मचारी ने भगत सिंह चौक पर तैनात यातायात महिला कर्मी को केवल इतना बताया था कि उसका बैग जिसमें उसके दस्तावेज व कुछ रुपए रखे थे को अज्ञात बाइक सवारों द्वारा छीना गया। एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी प्रकाश में आया कि एजेंसी कर्मचारियों द्वारा घटना घटित होने के पश्चात करीब 20 मिनट तक किसी से भी सम्पर्क नही किया गया। मौके पर पहुंचे चेतक कर्मियों द्वारा गहनता से पूछताछ करने पर करीब 20 मिनट बाद उक्त कर्मचारी ने सही जानकारी देते हुए नगदी लूटे जाने सहित अन्य जानकारी दी गई। जिसके बाद एजेंसी कर्मचारी राहुल त्यागी की भूमिका संदिग्ध लगने पर पुलिस टीम ने अलग-अलग एंगल से सख्ती के साथ पूछताछ की गई।

एसएसपी ने बताया कि कर्मचारी राहुल त्यागी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए जो जानकारी दी गई। उसका क्रॉस एग्जामिनेशन भी पुलिस टीम द्वारा किया गया। जिसमें कर्मचारी अपने ही जाल मेें फंस गया और पूरी घटना से पर्दा उठा दिया। कर्मचारी राहुल त्यागी ने खुलासा किया कि वह गोयल मनीट्रांसफर में बतौर कैश लोडर का काम करता हैं और बैंक से पैसा खुद ही लाता था। उसके दोस्त मोनू पाल ने उससे काम के सिलसिले में बातचीत हुई थी, इसी दौरान दोनों ने गोयल मनी ट्रांसफर एंड कंपनी की लाखों की रकम लूट की योजना बना डाली। मोनू पाल ने अपने दो दोस्तों सोमित पाल और सागर को अपनी योजना में शामिल किया। राहुल त्यागी अपने सहकर्मी गौरव के साथ गुरूवार को बन्धन बैंक ज्वालापुर से गोयल मनी ट्रांसफर के 14 लाख 50 हजार रूपये नगद लेकर निकला तो योजना के मुताबिक राहुल त्यागी ने फेसबुक मैसेन्जर के माध्यम से मोनू को सूचना दे दी।
कप्तान ने बताया कि जब दोनों कर्मचारी कैश लेकर कार्यालय की ओर निकले, जब वह भेल सेक्टर-2 स्थित गुरूद्वारे के पर पहुंचे, तभी योजना के मुताबिक बाइक सवार मोनू पाल, सोमित पाल और सागर ने कर्मचारियों से लाखों से भरा बैग झपटकर फरार हो गये। इस खुलासे के बाद पुलिस ने लूट के मास्टर मांइड राहुल त्यागी पुत्र शिव कुमार निवासी ग्राम थल मिनादपुर थाना स्याना जिला बुलन्दशहर यूपी हाल डी-4 शिवालिक नगर रानीपुर हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम शुक्रवार को आरोपी कर्मचारी राहुल त्यागी की निशानदेही पर घटना को अंजाम देने वाले मोनू पाल, सोमित पाल और सागर को तलाशते हुए महिपालपुर दिल्ली पहुंची। जिस होटल में लूटेरे ठहरे हुए थे, लेकिन लूटेरे पुलिस के पहुंचने से पहले ही तड़के चैकआउट कर गये।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान पुलिस ने सूचना के आधार पर तीनों लूटेरों मोनू पाल पुत्र बीर सिंह निवासी अमित विहार कालोनी कूकडा थाना नई मण्डी जिला मुजफ्फनगर यूपी हाल निवासी रावली महदूद सिडकुल हरिद्वार, सोमितपाल पुत्र बीर सिंह निवासी अलमासपुर थाना नई मण्डी मुजफ्फरनगर यूपी और सागर पुत्र सुखपाल निवासी बचन सिंह कालोनी थाना नई मण्डी मुजफ्फरनगर यूपी को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से पुलिस ने लूट की कुल रकम से 13 लाख 60 हजार रूपये बरामद किये। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार समेत लूट की वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम मौजूद रही।
