
*भाजपा नेत्री द्वारा नाबालिक बेटी से कराये जा रहे यौन शोषण की सीबीआई जांच की मांग
*उत्तराखंड महिला अपराध में देश के पहले पायदान पर जल्द आ जाएगा
*महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा ने प्रेस वार्ता में लगाये भाजपा सरकार पर गम्भीर आरोप
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। विगत तीन वर्षों में भाजपा सरकार के राज में देशभर में जिस तेजी से महिलाओं पर अत्याचार, हिंसा, बलात्कार, हत्या के मामले बढे हैं, महिला अपराधों के मामले में उत्तराखंड देश के हिमालयी राज्यों के पहले पायदान पर आ गया है। जिस प्रकार से महिलाओं के साथ हिंसा, बलात्कार और हत्या करने वालों को सत्ताधारी भाजपा का संरक्षण मिल रहा है। कोई आश्चर्य नहीं है कि उत्तराखंड महिला अपराध में देश के पहले पायदान पर जल्द आ जाएगा। यह बात आज महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा ज्योति रौतेला ने प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
उन्हांेने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, इन अपराधों में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और सरकार के दायित्वधारियों के नाम सामने आ रहे हैं। अब कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला कांग्रेस अभियान चलाएगी। हरिद्वार में विगत जून माह में सामने आए भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष के कारनामे से भाजपा का चाल-चरित्र चेहरा साफ उजागर हो गया है। भाजपा के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ नारे की पोल खुल गई है।
उन्होंने कहा कि एक सगी मां जो अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ स्वयं अपने पुरुष मित्रों से दुराचार करवा सकती है, तो कल्पना की जा सकती है कि वो महिला सत्ता और पैसे के लिए अन्य लोगों से क्या-क्या करवाती रही होगी। राज्य में अलग-अलग क्षेत्रों में घटित प्रमुख हिंसा, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामलों में भाजपा के अनेक प्रमुख पदाधिकारी संलिप्त रहे। जिसमें बलात्कार और हत्या के गंभीर मामले हैं।
ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश और देश में सनसनी फैलाने वाले अंकिता भंडारी कांड के आरोपियों को उम्रकैद की सजा हो गई है, उसका सारा परिवार आरएसएस और राज्य सरकार में दायित्वधारी रहा है। आज राज्य भर में महिलाओं में असुरक्षा की भावना घर कर गई है और हरिद्वार प्रकरण से तो पूरे प्रदेश की मातृशक्ति हतप्रभ है। भाजपा की इस महिला नेत्री के संबंध भाजपा के जिले से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से बहुत निकट के रहे हैं। इसलिए इस पूरे प्रकरण की गहन जांच होनी चाहिए कि इसके द्वारा इस कुकर्म के अलावा और कौन-कौन से अपराध किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेशभर में भाजपा के दुराचारी नेताओं से बेटी बचाओं का व्यापक अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक जनपद और सभी विधानसभा क्षेत्रों व ब्लॉकों में भाजपा के नेताओं की इन करतूतों का भंडाफोड़ किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, लता जोशी, अंजू मिश्रा, आयुषी टंडन, बिंदु, मीरा रतूड़ी, मनोज सैनी, पूनम भगत, मुरली मनोहर, रचना शर्मा, नलिनी दीक्षित आदि मौजूद रहे।