
कई टाॅयलेट आग की भेट चढ़ी, लाखों के नुकसान का अनुमान
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटे अधिकारी
लीना बनौधा/ सीमा
हरिद्वार। कुंभ मेला क्षेत्र में स्थापित करने के लिए तैयार भेल क्षेत्र में रखी प्लास्टिक टाॅयलेट में अचानक बुधवार को आग लगने से हड़कम्प मच गया। भेल क्षेत्र में स्टोर की गयी प्लास्टिक टाॅयलेट में लगी आग से निकला काला धुंआ करीब तीन किलोमीटर तक देखा गया। सूचना पर दमकल विभाग की गाडियों ने मौके पर पहुंचकर बामुश्किल आग पर काबू पाया। बताया जा रहा हैं कि प्लास्टिक टाॅयलेट के आग की भेट चढ जाने से लाखों का नुकसान लगाया जा रहा है। पुलिस व अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भेल से सटे ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित धीरवाली के पास खाली मैदान में कुंभ मेले आयोजन के लिएं अस्थाई प्लास्टिक टाॅयलेट का निर्माण किया जा रहा है, जहां पर बुधवार की दोपहर के वक्त एक प्लास्टिक टाॅयलेट में अचानक आग लग गयी। और देखते ही देखते आग ने वहां पर रखी अन्य प्लास्टिक टाॅयलेट को अपनी चपेट में ले लिया।
जब आग की जानकारी लोगों को लगी तो आग ने उग्र रूप ले लिया। घटना से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। प्लास्टिक टाॅयलेटों के आग के चपेट में आने से काला धुंआ करीब तीन किलोमीटर तक देखा गया। सूचना पर दमकल विभाग की गाडियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर बामुश्किल काबू पाया। घटना की जानकारी लगने पर आसपास के लोगों की भीड घटनास्थल पर लग गयी। सूचना पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को मौके से हटाया गया।
बताया जा रहा हैं कि घटनास्थल से सटे क्षेत्र में पुलिस जवानों के रुकने के लिए अस्थाई टेंट के शिविर बनाए गए थे, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस व दमकल विभाग सहित अन्य अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।