■मृतक के सिर व कपड़ों पर मिले खून के धब्बे के निशान
■दुपटे से गला घोट कर हत्या की आशंका, शिनाख्त नहीं
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित रोपवे के बंगल से मां चंडी देवी मन्दिर जाने वाले पैदल मार्ग के जंगल में एक महिला का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मृतका की शिनाख्त के प्रयास किये। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। महिला के सिर व कपड़ों पर खून के निशान मिले है। प्रथम दृष्ट्या महिला के सिर पर वारकर गला घोट कर हत्या किये जाने की सम्भावना जताई जा रही है।
पुलिस ने घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। महिला की हत्या की सूचना पर एसएसपी ने अधिनस्थ अधिकारियों के साथ घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए वारदात की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाते हुए शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिये है।
श्यामपुर थाना एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि पुलिस को गुरूवार की सुबह सूचना मिली कि एक महिला का शव रोपवे के बंगल से मां चंडी देवी मन्दिर जाने वाले मार्ग के जंगल में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना पर चंडी घाट चौकी प्रभारी अशोक रावत सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने पैदल मार्ग के जंगल से एक महिला का शव बरामद कर लिया। जिसके सिर व कपड़ों पर खून के धब्बे थे। जिसको देखकर प्रतीत हो रहा था कि महिला के सिर पर किसी चीज से वार कर हत्या का प्रयास किया गया होगा। लेकिन महिला की मौत ना होने पर दुपटे से उसका गला घोटा गया था। प्रथम दृष्ट्या महिला की गला घोट कर हत्या प्रतीत हो रही है।
उन्होंने बताया कि महिला की मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही चल सकेगा। मृतका की उम्र करीब 30-35 वर्ष प्रतीत हो रही है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किये, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सूचना पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने अधिनस्थ अधिकारियों के साथ घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाते हुए उसकी शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिये है।
