प्रदेशाध्यक्ष अपने व्यवहार पर करें खेद प्रकट, वरना पंजाबी समाज करेगा विरोध
लीना बनौधा
हरिद्वार। भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा पार्षद रेणु अरोड़ा का सार्वजनिक मंच पर अपमान किए जाने को लेकर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के जिला युवा अध्यक्ष शेखर सतीजा ने प्रेस को जारी बयान में समाज की ओर से विरोध जताया है।
शेखर सतीजा ने कहा नारी सशक्तिकरण की पुरजोर वकालत करने वाले प्रधानमत्री की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पर आरोप लगाया हैं कि वह कभी किसी महिला को मंच से पार्टी छोड़ देने के आदेश देते है, तो कभी किसी महिला को देख लिए जाने की धमकी देते है। जो कि सभ्य समाज के अनुकूल नही और इतने बड़े पद पर होने के कारण इस तरह की भाषा का प्रयोग शोभा नही देता।
भारतीय संकृति में नारी को भगवान का दर्जा दिया गया है और नारी पूजन भी किया जाता है। पार्षद रेणु अरोड़ा भी किसी की बहन किसी की बेटी है। साथ ही उन्होंने कहा रेणु अरोड़ा पंजाबी समाज की सम्मानित पार्षद हैं उनका अपमान पूरे समाज का अपमान है, जनसंघ की स्थापना के समय से पंजाबी समाज भारतीय जनता पार्टी का समर्थक रहा है, मगर इसका मतलब पंजाबी समाज किसी पार्टी का बंधुआ मजदूर नही जो हमेशा की तरह दब कर अपमान सहेगा। पंजाबी समाज का अपना गौरवशाली इतिहास रहा है मुगलों से जंग से लेकर देश की आजादी तक समाज ने हर बलिदान दिए है और आज एक सक्षम मुकाम पर समाज खड़ा है।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा के जिला युवा चेयरमैन कुंवर बाली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है प्रदेश अध्यक्ष हो चाहे राष्ट्रीय अध्यक्ष कोई भी पार्टी का मालिक नही हो सकता, जोकि सार्वजनिक मंच से अपने किसी सम्मानित महिला पार्षद को पार्टी छोड़ देने के लिए आदेश दे।
जिला महामंत्री गौरव सचदेवा ने कहा कि जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष अपने इस बयान पर खेद नही प्रकट करते हो आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाबी समाज एकजुट हो अपनी अस्मिता और सम्मान की खातिर प्रदेश अध्यक्ष का पुरजोर विरोध करेगा और साथ ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रधानमंत्री को भी पूरे प्रकरण से पत्राचार के माध्यम से अवगत करवाएगा।
