पत्रकरों ने दी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई
अशोक वर्मा/ हरीश संतवानी
हरिद्वार। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की हरिद्वार इकाई की बैठक में सर्वसम्मति से श्री विक्रम सिंह सिद्धू अध्यक्ष, श्रीमती सुदेश आर्या महासचिव और सूर्या सिंह राणा को कोषाध्यक्ष चुना गया। लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ० हरिनारायण जोशी की अध्यक्षता में आयोजित यूनियन की बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार शीघ्र ही कार्यकारिणी की घोषणा सहित समयबद्ध कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिन सदस्यों ने अब तक सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है उनको 25 जनवरी तक नवीनीकरण कराने का समय प्रदान किया गया। बैठक में तय किया गया कि यूनियन वार्षिक कैलेंडर के अनुपालन में त्रैमासिक बैठकों के आयोजन के साथ पत्रकारों के लिए कार्यशाला, संगोष्ठी और सामाजिक सरोकारों तहत शैक्षिक उन्नयन कार्यक्रमों का चरणबद्ध आयोजन करेगी। इस अवसर पर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक चन्द्र भट्ट ने वरि० पत्रकार भगवती प्रसाद गोयल को प्रदेश समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के शामिल किये जाने की घोषणा की। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे आचार, विचार और व्यवहार से पत्रकारों के साथ देश और समाज हित में कार्य करने को कहा। सभाध्यक्ष डा० हरिनारायण जोशी ने कहा कि नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स अन्य संगठनों की अपेक्षा राज्यभर में बहुत अच्छा कार्य कर रही है जिसे निरंतर बनाये रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूनियन की स्थापना के समय से साथ हूं। तभी से साथियों के कार्य और संगठन में उनके योगदान को देख रहा हूं। एक परिवार के रूप में नये पुराने सभी लोगों को एकजुट होकर संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने के मजबूती से प्रयास करने चाहिए। इस अवसर पर सुनील शर्मा, विक्रम सिंह सिद्धू, सुदेश आर्या, सूर्या सिंह राणा, भगवती प्रसाद गोयल, अनूप कुमार, संजु पुरोहित, विनोद चौहान, राजेन्द्र गुप्ता, हिमांशु भट्ट आदि ने बैठक में अपने विचार रखे।
