जिलाध्यक्ष बालकृष्ण व महामंत्री संजीव बने, पत्रकारों ने दी बधाई
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। तीर्थननगरी के हाइवे स्थित एक होटल में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (इंडिया) उत्तराखंड की हरिद्वार इकाई का गठन प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सभी प्रदेश पदाधिकारियों के नेतृत्व व निर्देश में किया गया जिसमें हरिद्वार इकाई के अध्यक्ष पद पर बालकृष्ण शास्त्री व महामंत्री संजीव शर्मा को मनोनीत किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष बृजेंद्र हर्ष ने कहा कि एनयूजे (आई) उत्तराखंड भारत के पत्रकारों का एक ऐसा संगठन है जो देश भर के पत्रकारों की समस्याओं के साथ-साथ उनके सुख-दुख में हमेशा खड़ा रहता है और जनता से सरकार तक सीधे संवाद कराने का काम करता है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में अध्यक्ष पद पर बालकृष्ण शास्त्री व महामंत्री संजीव शर्मा मिलकर जिले के पत्रकार बन्धुओं की समस्याओं का निराकरण कराने में सहयोग करेंगे। वरिष्ठ पत्रकार गुलशन नैय्यर ने कहा कि नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इण्डिया अन्य संगठनों की अपेक्षा राज्यभर में बहुत अच्छा कार्य कर रही है और आशा करते हैं यह निरंतरता इसी प्रकार बनी रहेगी। हम सभी को एक परिवार के रूप में नये पुराने सभी लोगों को एकजुट होकर संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए मजबूती से प्रयास करने चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पाण्डे ने कहा कि बालकृष्ण शास्त्री जी सिद्धान्तवादी हेैं गलत का साथ कभी नहीं देते हैं और अपने कार्य को निष्ठा व लगन के साथ करते हैं। नव निर्वाचित अध्यक्ष बालकृष्ण शास्त्री ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूनियन की बैठक में लिये गये निर्णय के अनुसार शीघ्र ही जिला कार्यकारिणी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम की घोषणा कर दी जायेगी। इस मौके पर ठाकुर शैलेन्द्र सिंह, सुभाष कपिल, अवधेश शिवपुरी, प्रमोद गिरि, नौशाद खान, प्रदीप शर्मा, राजेन्द्रनाथ गोस्वामी, अनूप कुमार, संजीव शर्मा, राजेश कुमार, सन्दीप उपाध्याय, गौरव कश्यप आदि पत्रकारों ने भी नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं महामंत्री को शुभकामनाएं दीं।
