शपथ ग्रहण समारोह में ना बुलाये जाने पर थे नाराज
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। शासन द्वारा नगर निगम हरिद्वार में 12 नामित पार्षदों को मेयर अनीता शर्मा द्वारा हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के सभागार में कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए शपथ पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नामित पार्षदों ने व्यवस्थाओं को लेकर हंगामा शुरू कर दिया साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के अन्य पार्षदों को न बुलाये जाने की बात कहते हुए मेयर व अधिकारियों पर अपना गुस्सा निकाला। आपको बताते चलें कि नगर निगम हरिद्वार में शासन द्वारा 12 पार्षदों को नामित किया गया है शुक्रवार को मेयर अनीता शर्मा द्वारा नामित पार्षदों गौरव भाटिया, किशन बजाज, सुरेश शर्मा, पुष्पा शर्मा, कमल किशोर गोयल, गौरव, हारून खान, शक्ति त्यागी, विपिन शर्मा, प्रिंस लाहौट, प्रमोद सैनी व योगेंद्र अग्रवाल को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मेयर अनीता शर्मा, नगर आयुक्त जय भारत सिंह, सहायक नगर आयुक्त तनवीर सिंह, नलवा विनोद आर्य, उत्तम सिंह नेगी, महेंद्र सिंह यादव अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नामित पार्षदों ने भाजपा पार्षद दल के नेता सुनील अग्रवाल, सहित भाजपा के अनिरुद्ध भाटी, राजेश शर्मा व अन्य पार्षदों को शपथ ग्रहण में आमंत्रित ना करने की बात को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। नवनियुक्त नामित पार्षद शक्ति त्यागी, सुरेश शर्मा आदि ने मेयर पर भाजपा पार्षद दल के नेता उप नेता व भाजपा पार्षदों को कार्यक्रम में ना बुलाने का आरोप लगाते हुए खरी खोटी सुनाई। मेयर अनीता शर्मा द्वारा बार-बार नामित पार्षदों को सम्मान पूर्वक समझाने का प्रयास किया जाता रहा, लेकिन जब नामित पार्षद नहीं माने तो मेयर अनीता शर्मा स्वयं जाकर बाहर खड़े भाजपा के पार्षदों को मनाने के लिए पहुंची। मेयर अनीता शर्मा व्यवस्थाओं के बारे में बताया कि यह सभी व्यवस्थाएं नगर निगम के अधिकारी द्वारा की गई है। कहा कि हम सभी पार्षदों का सम्मान करते हैं। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण सभागार कार्यालय के बाहर पेड़ के नीचे खड़े भाजपा पार्षदों को मेयर अनीता शर्मा समझाने में कामयाब रही तथा सभी को प्राधिकरण के प्रांगण में ले जाकर नामित पार्षदों का माल्यार्पण द्वारा स्वागत किया।


