■विजिलेंस टीम ने पीडित की शिकायत पर सिपाही को रंगेहाथों पकड़ा
■चौकी से ही जमानत देने के नाम पर की थी पांच हजार की डिमांड
■विजिलेेंस की कार्रवाई से पुलिस महकमें में मचा हड़कम्प
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। विजिलेंस टीम ने जगजीतपुर चौकी पर तैनात एक मुंशी को पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा है। जिसके पास से विजिलेंस टीम ने रिश्वत के पांच हजार रूपये बरामद किये है। विजिलेंस की कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। विजिलेंस टीम ने दबोचे गये सिपाही से घंटों पूछताछ के बाद उसको अपने साथ देहरादून लेकर रवाना हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू निवासी जगजीतपुर कनखल ने विजिलेंस को पत्र भेज कर शिकायत की थी कि तुषार पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी पीठ बाजार जगजीतपुर ने कनखल थाने में मारपीट के मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में क्रॉस मुकदमा दर्ज किया गया था। जगजीतपुर पुलिस चौकी में मुंशी के तौर पर तैनात सिपाही पप्पू कश्यप ने 25 अक्तूबर 23 को फोन कर चौकी बुलाया। उसे और उसके भाई को हवालात में डाल दिया। आरोप है कि जेल भेजने का डर दिखाकर उसकी जेब से पर्स निकाल लिया। पर्स में से 5,160 रुपये से पांच हजार अपने पास रखकर 160 वापस कर दिए।
आरोप है कि अन्य पांच लोगों को भी चौकी से ही जमानत पर छोड़ने के नाम पर पांच रुपये मांगे गये। सभी को चौकी लाकर प्रत्येक के एक हजार रुपये की डिमांड की गई। शिकायत मिलते ही विजिलेंस टीम ने रविवार को जाल बिछा कर जगजीतपुर चौकी में राजू से पांच हजार की रिश्वत लेते हुए सिपाही पप्पू कश्यप को रंगे हाथों दबोच़ लिया। एसपी विजिलेंस रेणु लोहानी ने बताया कि सिपाही को पांच हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सिपाही के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
