रेलवे स्टेशन समेत धार्मिक स्थलों को उड़ने की दी धमकी
धमकी के बाद धार्मिक स्थलों समेत रेलवे स्टेशन की बढी सुरक्षा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जैश-ए-मोहम्मद के धमकी भरा पत्र मिलने से हरिद्वार रेलवे स्टेशन में हड़कम्प मच गया। बताया जा रहा हैं कि धमकी भरा पत्र हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक को भेजा गया है। धमकी भरे पत्र में हरिद्वार, ऋषिकेश रेलवे स्टेशन, चार धाम, मंशा देवी, चंडी देवी, भारत माता मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है। धमकी भरा पत्र पांच दिन पूर्व भेजा गया था, जिसको गुप्त रखा गया था।
बताया जा रहा हैं कि धमकी भरे पत्र की जानकारी रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी आलाधिकारियों को दी गयी थी। धमकी पत्र के मद्देनजर पत्र मे उल्लेख किये गये स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था बढा दी गयी है। और धमकी पत्र की गोपनीय तरीके से जांच शुरू हो गयी है। बता दे कि पूर्व में भी आतंकवादी संगठन की ओर से ऐसे धमकी भरे पत्र हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक को मिल चुके है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिद्वार रेलवे स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह को 10 अक्टूबर 22 को एक धमकी भरा पत्र जैश-ए- मोहम्मद के एरिया कमांडर के नाम से भेजा गया है। रेलवे अधीक्षक को मिले पत्र मेें धमकी दी गयी हैं कि 27 अक्टूबर को हरिद्वार और ऋषिकेश रेलवे स्टेशन, चार धाम, मंशा देवी, चंडी देवी, भारत माता मन्दिर को बम से उड़ा दिया जाएगा। बताया जा रहा हैं कि रेलवे स्टेशन अधीक्षक द्वारा मामले से उच्चाधिकारियों समेत जिला प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका हैं।
मामले को गम्भीरता से लेते हुए रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए डॉग स्क्वायड व बम निरोध्क दस्ते द्वारा सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा हैं। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर आने वाले सभी गाडियों मे सघन चैकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। रेलवे स्टेशन के सभी प्लेट फार्म पर मुखबिरों को तैनात करते हुए सीसीटीवी कैमरों से पैनी नजर रखी जा रही है।
शुरूआत में धमकी भरे पत्र की मीडिया को भनक तक नहीं लगने दी गयी, लेकिन शनिवार को मामले की भनक लगते ही धमकी भरे पत्र का मामला सुर्खियों में आ गया। रेलवे स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह की ओर से अज्ञात के खिलाफ हरिद्वार जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। धमकी भरे पत्र में जिन स्थानों के नामों का उल्लेख करते हुए उड़ाने की धमकी दी गयी हैं, वहां से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।
