नेपाल से बिहार के रास्ते चरस हरिद्वार लाने वाला ड्रग पैडलर फरार
सीओ लक्सर के नेतृत्व में मारा छापा, करीब 3.7 किलोग्राम चरस बरामद
ड्रग पैडलर से बरामद चरस की बाजार में कीमत करीब 04 लाख
ब्लाउजनुमा पॉकेटदार जैकेट में छुपाकर लाई जाती थी नेपाल से चरस
लक्सर के किराये के मकान से चल रहा था चरस का काला कारोबार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट की सूचना पर सीओ लक्सर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक स्थानीय चरस पैडलर के घर पर छापामार कर 3.7 किलोग्राम चरस बरामद की है। जिसकी बाजार में कीमत करीब 04 लाख बताई जा रही। पुलिस टीम ने चरस पैडलर के पास से ब्लाउजनुमा पॉकेटदार जैकेट भी बरामद की है। जिसमें रखकर नेपाल से चरस बिहार के रास्ते लक्सर हरिद्वार लाई जाती थी। लेकिन नेपाल से चरस लाने वाला ड्रग पैडलर फरार हैं। पुलिस ने स्थानीय चरस पैडलर के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं पुलिस फरार ड्रग पैडलर की तलाश में जुट गई है।
सीओ लक्सर मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह को इनपुट मिला कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग पैडलर लक्सर निवासी वकील पुत्र असगर के घर पर मौजूद है। जिसके पास नेपाल से बिहार के रास्ते भारी मात्रा में चरस लक्सर लाई गयी है। कप्तान के निर्देश पर उनके नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने वकील पुत्र असगर निवासी सुल्तानपुर लक्सर हरिद्वार के घर पर छापा मारा गया। पुलिस टीम ने घर की तलाशी लेने पर घर में टीन के बक्से में छुपाकर कर रखी गयी करीब 3.7 किलोग्राम चरस बरामद की। जिसकी बाजार में कीमत करीब 04 लाख बताई जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी चरस पैडलर वकील ने खुलासा किया कि वह अपने साथी असलम अंसारी निवासी बिहार के साथ मिलकर लंबे समय से चरस की तस्करी कर रहा है। असलम नेपाल से चरस को बिहार लाता था, जहां से गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) समेत अन्य प्रांतों में पहुंचाई जाती थी। उन्होंने बताया कि ड्रग पैडलर ने जानकारी दी कि चरस की तस्करी के लिए उसने एक कमरा लक्सर में किराये पर ले रखा है। जहां से माल की डिलीवरी की जिम्मेदारी उसकी की होती थी। माल ठिकाने लगाने के बाद वह कमरा बंद कर देते थे।
सीओ लक्सर ने बताया कि नेपाल से चरस को ड्रग पैडलर असलम ब्लाउजनुमा जैकेट में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर उसमें छुपाकर लेकर आता था। जिसपर किसी भी व्यक्ति को शक नहीं होता था। पुलिस ने ड्रग पैडलर वकील के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं पुलिस फरार ड्रग पैडलर असलम अंसारी की तलाश में जुट गयी है। जिसको दबोचने के लिए पुलिस की एक टीम बिहार रवाना की गयी है।
सीओ लक्सर ने बताया कि पुलिस ने जिस मकान से ड्रग का काला कारोबार संचालित किया जा रहा था। उसके मकान मालिक के खिलाफ भी सत्यापन ना कराये जाने पर उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी लक्सर मनोज कुमार ठाकुर, एसएसआई अंकुर शर्मा, सुल्तानपुर चौकी प्रभारी मनोज नौटियाल, कानि० अजीत तोमर और कांस्टेबल प्रभाकर मौजूद रहे।
