रात को मजदूरी पर जाने से नाराज होकर दिया घटना को अंजाम
फरार आरोपी को भोपा अंतरराज्य बॉर्डर जंगल से दबोचा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। गन्ने की चरखी पर रात को मजदूरी करने जाने से नाराज होकर पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाकर जान से मारने की कौशिश करने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को भोपा अंतरराज्य बॉर्डर जंगल से दबोचा। पुलिस ने आरोपी को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
खानपुर एसओ विनोद थपलियाल ने बताया कि अंकित निवासी मनसूरपुर मुजफ्फरनगर यूपी ने थाने में 23 अक्टूबर 23 को तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उसके जीजा विजयपाल उर्फ सेठु पुत्र चन्दरू निवासी ग्राम तुगलपुर खानपुर हरिद्वार ने उसकी बहन को जान से मारने की इरादे से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में उसकी बहन बूरी तरह झुलस गयी, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने घटना के सम्बंध में आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। एसपी देहात ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन आरोपी वारदात के बाद से फरार था।
उन्होंने बताया कि एसपी देहात के निर्देश पर आरोपी पति को दबोचने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि आरोपी भोपा अंतरराज्य बॉर्डर के पास जंगल में छुपा है। इस जानकारी पर पुलिस टीम ने भोपा अंतरराज्य बॉर्डर जंगल में छापामार कर फरार आरोपी पति को दबोच लिया।
एसओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया किया कि उसके द्वारा पत्नी को रात को गन्ने की चरखी पर मजदूरी करने से इंकार किया था। लेकिन उसके बावजूद वह रात को गन्ने की चरखी पर मजदूरी करने के लिए चली गयी। इसी बात से नाराज होकर उसने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी पति को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
