बदमाश लाखों की नगदी व जेवरात लेकर हुए फरार
एक दर्जन बदमाशों ने एक के बाद एक चार घरों को बनाया निशाना
पांचवे परिवार ने दरवाजा खोलने की बजाय पुलिस को दी सूचना
पुलिस बल समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे, रातभर बदमाशों को तलाशा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार की देर रात इस्माइलपुर रोड पर नई कॉलोनी के चार घरों में डकैती डालकर पुलिस महकमे में हड़कम्प मचा दिया। बताया जा रहा हैं कि बदमाशों के पांचवे परिवार को निशाना बनाने के प्रयास के दौरान परिवार को भनक लगने पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौेके पर पहुंची, लेकिन बदमाश फरार होने में कामयाब रहे। बताया जा रहा हैं कि बदमाश लाखों की नगदी व जेवरात लूट कर ले गये। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए रातभर क्षेत्र में संघन कम्बिंग की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर में इस्माइलपुर रोड पर बन रही नई कॉलोनी में बीती देर रात को करीब एक दर्जन हथियारबंद बदमाश लकडी सीढी की मदद से गुलजार की छत पर चढ कर मकान में दाखिल हो गये। बताया जा रहा हैं कि परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। बदमाशों ने हथियारों के बल पर परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने तस्सली से घर में लूटपाठ शुरू कर दी। बताया जा रहा हैं कि बदमाशों ने घर में रखी 20 हजार की नगदी व एक किलो चांदी के जेवरात लूट लिये। बदमाश गुलजार के घर लूट के बाद दो बदमाशों ने उसके परिवार को बंधक बना कर रखा और गुलजार को अपने साथ ले जाकर गुलजार के जरिये पड़ोसी आरिफ के घर का दरवाजा खुलवाकर परिवार को बधंक बनाकर वहां पर भी 20 हजार की नगदी व जेवरात लूट लिए।
इसी तर्ज पर बदमाशों ने एक के बाद एक चार घरों का दरवाजा खुलवा कर नफीस, शेरअली के यहां पर भी हजारों की नगदी व जेवरात लूट की वारदात को अंजाम दिया। जब बदमाश गुलजार को लेकर पांचवे पडोसी नूरहसन के घर पहुंचे। जहां पर उसके दरवाजे पर दस्तक दी तो नूरहसन को शक हो गया। उसने दरवाजा खोलने के बजाय 100 नंबर पर फोन कर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। बदमाशों ने पुलिस को फोन कर रहे नूरहसन की बात सुन ली। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। सूचना पर कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट व एसएसआई मनोज सिरोला पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से पूरी जानकारी ली। जिसकी जानकारी आलाधिकारियों को दी। जिसपर सीओ बीएस चौहान भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेेने के बाद पुलिस ने बदमाशों को दबोचने के लिए क्षेत्र में संघन कम्बिंग की गयी। लेकिन रातभर बदमाशों की तलाश के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।
Reply
