महिला समेत तीन ठग सोने के नकली जेवर थमाकर हुए फरार
ठगों ने पहले ज्वैलर्स को चांदी की अंगूठी बनवाकर विश्वास में लिया
उधार पैसे मांगने के बहाने ज्वैलर्स को झांसे में लेकर बनाया शिकार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पशुओं का सौदागर बनकर ज्वैलर्स को नकली सोना थमाकर दो लाख की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। पीडित ज्वैलर्स ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर महिला समेत तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ज्वैलर्स की दुकान समेत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ठगों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश में जुट गयी है।
खड़खड़ी चौकी प्रभारी खेमेन्द्र गंगवार ने बताया कि एक ज्वैलर्स अनुश्याम रस्तोगी पुत्र श्याम नारायण रस्तोगी निवासी नई बस्ती भीमगोड़ा हरिद्वार ने तहरीर देकर महिला समेत तीन पर नकली सोने के पैडल थमाकर उससे दो लाख की ठगी करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया हैं कि उसकी ज्वैलर्स की शॉप बाल्मिकी मन्दिर नई बस्ती भीमगोड़ा में न्यू रस्तोगी ज्वैलर्स के नाम से है। उसकी शॉप पर 4-5 मार्च को एक व्यक्ति पहुंचा और एक चांदी की अंगूठी बनवा कर ले गया।
जोकि 2-3 दिन बाद फिर पहुंचा, जिसके साथ एक महिला व पुरूष साथ था। जिन्होंने उससे दो चांदी की अंगूठी बनवाई। जिन्होंने उसको बातों ही बातों में अच्छी जान पहचान करते हुए विश्वास में ले लिया। व्यक्ति ने अपने को गाय, भैस और खच्चर खरीदने व बेचने वाला सौदागर बताते हुए खड़खड़ी में किराये पर रहने की जानकारी दी। जिनकी बातचीत व भेषभूषा से राजस्थानी प्रतीत हो रहे थे।
तहरीर में कहा गया हैं कि उक्त तीनों 24 मार्च की सुबह उसकी शॉप पर पहुंचे और पैसों की जरूरत होने की बात कहते हुए पैसे उधार मांगे। जिसपर उसके इंकार करने पर तीनों ने सोने खरीदने या फिर बिकावाने को बोला। जिसपर उन्होंने 10-10 ग्राम के चार सोने के पैडल उसको दिखाये। जोकि देखने में सोने के प्रतीत हो रहे थे। जिसपर उसके द्वारा उनकी कीमत 2 लाख 40 हजार लगाये। उस वक्त उसके पास 2 लाख मौजूद थे। उसने 2 लाख रूपये नगद देकर सोने के पैडल ले लिये।
जब उनके जाने के बाद उसको शक हुआ तो सोने के प्रतीत हो रहे पैडल को सही ढंग से परखा गया तो वह नकली निकले। जिसपर उसके द्वारा तीनों की काफी तलाश की गयी, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पीडित ने तहरीर में कहा हैं कि तीनों ने नकली सोने के पैडल थमा कर उससे 2 लाख की ठगी कर फरार हो गये। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। पुलिस ज्वैलर्स की शॉप व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ठगों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश में जुटी है।
