♦पुलिस ने आरोपियों के पास से हमला करने में इस्तेमाल लाठी-डंडे किये बरामद
♦घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का पुलिस का दावा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। होली के दिन घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडो व तलवार से हमला कर घायल करने तथा तमंचे से फायर कर क्षेत्र में दहशत फैलाने के आरोप में फरार चल रहे चार आरोपियों को सिडकुल ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हमलावरों के पास से हमला करने में इस्तेमाल लाठी-डंडे बरामद किये हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस घटना में शामिल फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा हैं कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सिडकुल थाना एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि प्रमोद पाल निवासी रावली महदूद, सिडकुल हरिद्वार ने 05 मार्च को थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि होली के दिन राजीव पाल अपने कुछ साथियों के साथ लाठी-डंडे, तलवार व तमंचे से लैस होकर उसके घर में घुस आये और हंगामा करते हुए परिजनों के साथ गाली गलोच करते हुए मारपीट की गई। आरोप हैं कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फॉयर भी किया। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। घटना को गम्भीरता से लेते हुए एसएसपी द्वारा तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिये गये। घर में घुसकर मारपीट करने वाले फरार आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस टीम द्वारा उनके सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए तलाश की गई। लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
एसओ ने बताया कि पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और जमीनी स्तर मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर फरार चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। जिनके पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे बरामद किये है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम जतिन उर्फ भारत पुत्र परमाल सिंह निवासी जयराम जोत, थाना कर्नलगंज, जिला गोंडा यूपी, राजीव पाल पुत्र जंग बहादुर निवासी ग्राम मंसूरपुर, थाना मंसूरपुर, जिला मुजफ्फरनगर यूपी, रोहन सिंह पुत्र सुरेश कुमार निवासी ग्राम धारूवाला मंडावली, थाना बिजनौर, जिला बिजनौर यूपी और सागर पुत्र मामचंद निवासी ग्राम रामपुर मनिहारन, थाना मनिहारन, जिला सहारनपुर यूपी बताया है।
श्री शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस घटना में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। दावा किया कि पुलिस टीम फरार अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
