जल भराव की निकासी व जाम से निपटने के लिए दिये निर्देश
कोतवाली नगर क्षेत्र देवपुरा पुलिया के पास मकान की दीवार क्षतिग्रस्त
डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, परिवार को सुरक्षित स्थान भेजा
पीडित परिवार को तत्काल राहत राशि उपलब्ध कराने के दिये आदेश
अनूप कुमार/ अर्क शर्मा
हरिद्वार। शहर में हो रही मूसलाधार बरसात के चलते जगह-जगह जलभराव से उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम व एसएसपी ने अलग-अलग जल भराव क्षेत्र का निरीक्षण किया। डीएम ने जलभराव की निकासी व एसएसपी ने जाम से निपटने के लिए अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिये। प्रशासनिक अमला जल भराव की निकासी के लिए व्यापार स्तर पर जुट गया है।

जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने मूसलाधार बरसात से शहर में जलभराव की उत्पन्न हुई स्थिति का अपने अधीनस्थों के साथ जायजा लिया। डीएम ने रानीपुर मोड, भगतसिंह चौक, बहादराबाद बाल्मिकी बस्ती. लाटूवाला , कृष्णानगर कनखल, दीप पब्लिक स्कूल बहादराबाद के समीप, भूपतवाला क्षेत्र स्थित भारत माता मंदिर, रानीगली, हरिद्वार बस स्टैण्ड, मॉडल कॉलोनी का निरीक्षण किया। डीएम को देवपुरा पुलिया के पास मकान की दीवार क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गयी। इस जानकारी पर डीएम अपने अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने पीडित परिवार समेत आसपास के लोगों से क्षेत्र की स्थिति व परेशानियों की जानकारी ली। डीएम ने क्षतिग्रस्त मकान को खाली कराकर परिवार को सुरक्षित स्थल पर भेजने के साथ-साथ अधीनस्थों को परिवार को राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने अन्य क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए अधीनस्थों व सम्बन्धित विभाग अधिकारियों को तेजी से लोगों को जलभराव से निजात दिलाने के लिए जल निकासी करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ( वित्त एवं राजस्व) बीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पीएल शाह, एसडीएम पूरण सिंह राणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
वहीं एसएसपी अजय सिंह ने एसपी क्राइम श्रीमती रेखा यादव, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार के साथ मूसलाधार बरसात से शहर व हाईवे पर उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लिया। शहर में मूसलाधार बरसात के चलते जलभराव के कारण जाम की स्थिति को देखते हुए अधीनस्थों को यातायात को ड्रायवर्ड करते हुए जाम से लोगों को निजात दिलाने के निर्देश दिये। कप्तान ने शहर में वाहनों के जाम को देखते हुए तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मियों से उनके क्षेत्रवार की स्थिति की जानकारी जुटाते हुए होने वाली परेशानियों की जानकारी जुटाते हुए उत्पन्न हालत का निस्तारण कराया गया।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, बैरागी कैंप, आनंदवन/अलकनंदा कट, सीसीआर आसपास क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था एवं जलभराव से ट्रैफिक संचालन की गति में कमी को देखते हुए पानी की निकासी हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने समेत हरिद्वार आए यात्रियों की सहायता हेतु अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
