सिपाही प्रितपाल के परिवार के एक सदस्य को मिले नौकरी
प्रदेश के डीजीपी व एसएसपी हरिद्वार को अधिवक्ता ने लिखा पत्र
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एक अधिवक्ता ने प्रदेश के डीजीपी व एसएसपी हरिद्वार को पत्र भेजकर गत दिनों रानीपुर क्षेत्र के शिवालिकनगर में गश्त के दौरान दो चेतक सिपाहियों पर हुए जानलेवा हमले में घायलों को आउट आफ टर्न प्रमोशन देनें तथा घायल सिपाही के परिवार के एक सदस्य को पुलिस विभाग में नौकरी देने की मांग की है।
जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद हरिद्वार के अधिवक्ता अरूण भदौरिया ने प्रदेश के डीजीपी अशोक कुुमार व एसएसपी हरिद्वार डाॅ. योगेन्द्र सिंह रावत को पत्र लिखा हैं कि 25 मई की देर रात को कोतवाली रानीपुर क्षेत्र स्थित शिवालिक नगर में गश्त के दौरान चेतक सिपाहियों प्रितपाल और विजयपाल ने दो संदिग्धों को दबोचा था। इसी दौरान उनके दो अन्य साथियों ने चेतक सिपाहयों पर हमला कर अपने साथियों को छुड़ा कर भगा ले गये थे।
इस हमले में एक सिपाही प्रितपाल की आंख पर गम्भीर चोट लगने पर उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। जहां पर चिकित्सकों को रक्त बहने से रोकने के लिए उसकी एक आंख निकालनी पड़ी थी। दोनों सिपाहियों द्वारा अपनी ड्यूटी पर अपनी जान देने का इरादा रखने वाले को आउट आफ प्रमोशन दिया जाए और सिपाही प्रितपाल सिंह के परिवार के एक सदस्य को पुलिस विभाग में नौकरी देने की मांग की है। ताकि उत्तराखंड राज्य के समस्त पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ सके।
