एक साल पहले महिला से धोखाधड़ी कर हड़पे करीब 50 लाख
डीएचएफएल हाउसिंग फाइनेंस से लोन लिए मकान को बेचा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने एक साल पूर्व धोखाधड़ी व कूट रचित दस्तावेज तैयार कर मकान बेचने वाले फरार दम्पत्ति को बहादराबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। जिनके खिलाफ पुलिस ने सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली ज्वालापुर प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि श्रीमती जानवी कपूर पत्नी विनोद कपूर निवासी गली नम्बर 10 सुभाष नगर ज्वालापुर हरिद्वार ने 31 जुलाई 22 को तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उन्होंने 04 अप्रैल 22 को गली नम्बर 10 सुभाष नगर ज्वालापुर में एक मकान श्रीमती बीना कश्यप पत्नी सुभाष चंद कश्यप और सुभाष चंद कश्यप पुत्र धर्मपाल कश्यप निवासी गली नम्बर 10 सुभाष नगर ज्वालापुर से 49,90,000 हजार में खरीदा था। मकान बेचते वक्त दम्पति ने उनको जानकारी दी थी कि मकान लोन रहित हैं जिसपर किसी प्रकार का कोई लोन नहीं है।
मकान खरीदने के बाद भी दम्पति उनको कब्जा नहीं दे रहा था। इसी दौरान उनको 29 जुलाई का जानकारी लगी कि दम्पति ने उनको बेचे गये मकान पर पहले ही डीएचएफएल हाउसिंग फाइनेंस से लोन ले रखा था। उक्त लोन को चुकाये बिना दम्पति को मकान बेचने का अधिकार नहीं हैं, लेकिन उन्होंने धोखाधड़ी कर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्रार कार्यालय को गुमराह करते हुए मकान बेच दिया। तहरीर में पीडिता ने उक्त दम्पति के खिलाफ धोखाधड़ी करते हुए कूट रचित दस्तावेज के द्वारा छलकपट कर आर्थिक लाभ लेने तथा उनके साथ धोखाधड़ी करते हुए लाखों हड़पने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दम्पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी दम्पति को मंगलवार को सूचना पर आदि योगी काॅलोनी पतंजलि थाना बहादराबाद से गिरफ्तार कर लिया। जिनको दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
