दम्पति भीख मांग रही महिला को आटे का लालच देकर बच्चा ले उड़ा
हरकी पौड़ी, रेलवे स्टेशन व बस अड्डे के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला
सीसीटीवी कैमरों से मिले क्लू के बाद पुलिस टीम ने दम्पति को दिल्ली से दबोचा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरकी पौडी क्षेत्र से चोरी हुए बच्चे को पुलिस टीम ने स्वतंत्रता दिवस की सुबह दिल्ली के आईएसबीटी बस अड्डे से सकुशल बरामद करते हुए एक दम्पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी दम्पति के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी दम्पति को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। घटना का खुलासा एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने मंगलवार को सीसीआर टॉवर स्थित सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि सोमवार को एक महिला मंजू पत्नी टुनटुन निवासी चण्डीघाट कोतवाली नगर हरिद्वार ने तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा था कि वह हरकी पौड़ी क्षेत्र में भीख मांगने का काम करती है। हरकी पौड़ी के पास मथुरा पुड़ी वाले की दुकान के पास बैठकर महिला रविवार की दोहपर को भीख मांग रही थी। इसी दौरान एक महिला यात्री उसके पास पहुंची और महिला नेे उसको देने के लिए 40 रूपये देकर आटा लाने के लिए भेजा।

जिसपर विश्वास कर वह अपना 07 माह के बच्चा उसके पास छोड़कर आटा लेने चली गई। जब वह वापस लौटी तो ना महिला उसके बच्चे को लेकर लापता थी। जिसकी जानकारी उसके द्वारा आसपास के लोगों को देते हुए तलाश शुरू कर दी। लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर अज्ञात महिला के खिलाफ बच्चा चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। बच्चा चोरी का मामला उनके संज्ञान में आने पर उन्होंने पुलिस को तत्काल पुलिस टीम गठित कर बच्चा बरामदगी के निर्देश दिये।
कप्तान ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए बच्चा चोर महिला की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दिये। पुलिस टीम ने हरकी पौड़ी, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन समेत अन्य क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। पुलिस टीम को सीसीटीवी कैमरों से मिले क्लू के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्रता दिवस की सुबह आनंद विहार आईएसबीटी बस अड्डे से चोरी हुआ बच्चा शिवा को सकुशल बरामद करते हुए एक दम्पति को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दम्पति ने अपना नाम तमन्ना खातून पत्नी राजेन्द्र कुमार राठौर और राजेन्द्र कुमार राठौर पुत्र सियाराम निवासीगण अहिरन टोला बेनीगंज हरदोई यूपी बताया है। पुलिस ने आरोपी दम्पति के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी दम्पति को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार, सीओ सिटी जूही मनराल समेत बच्चा चोरी का खुलसा करने वाली पुलिस टीम मौजूद रही।








