बाइक पंजाब से चोरी की निकली, दो बाइक चोर दबोचे
अपहरणकर्त्ता अभी भी गिरफ्रत से दूर, पुलिस तलाश में जुटी
चोरों के जरिये पुलिस अपहरणकर्त्ता को दबोचने का रही प्रयास
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर के रोडीबेलवाला क्षेत्र से अपह्रत हुए बच्चे के अपहरण में इस्तेमाल की गयी बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है, जोकि पंजाब से चोरी की निकली। पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ अपहरणकर्त्ताओं को नहीं, बल्कि दो बाइक चोरों को गिरफ्रतार किया है। जिन्होंने चोरी की बाइक को अहपरणकर्त्ताओं को बेची थी, लेकिन अपहरण की वारदात के बाद बाइक खरीदने वालों ने कागजात ना होने पर बाइक वापस कर दी थी। पुलिस दबोचे गये बाइक चोरों के जरिये अपहरणकर्त्ताओं तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि 09 दिसम्बर को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से घर के बाहर खेलते 6 साल के बच्चे मयंक का बाइक सवार दो युवकों ने अपहरण कर फरार हो गये थे। पुलिस ने पीडित परिवार की तहरीर पर अज्ञात अपहरणकर्त्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस घटना स्थल से लेकर यूपी के जनपद सहारनपुर के देवबंद तक सीसीटीवी कैमरों के जरिये अपहरणकर्त्ताओ का पीछा करते हुए 16 दिसम्बर को मौहल्ला हंसवाडा देवबन्द सहारनपुर यूपी में एक मन्दिर के पास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया था। लेकिन अपहरणकर्त्ता फरार होेने में कामयाब रहे।
पुलिस अपहरण में इस्तेमाल की गयी बाइक की शिनाख्त के बाद उसकी तलाश में जुटी रही। इसी दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अपहरण में इस्तेमाल बाइक के साथ दो युवको को जनपद हरिद्वार से ही दबोच लिया। जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपना नाम बिट्टू उर्फ छंगा पुत्र नेकीराम निवासी ग्राम काकनपुरा देवबंद, सहारनपुर यूपी और सतीश पुत्र हुकुम सिंह निवासी नूर नगरयान गली पुरकाजी मुजफ्ररनगर बताते हुए खुलासा किया कि उनको बच्चे के अपहरण के मामले में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन उन्होंने बाइक को पंजाब से चोरी की थी और अपने परिचित को 20 हजार रूपये में बेच दी थी। जिन्होंने कुछ दिन बाद बाइक को कागजात ना होने की बात कहते हुए वापस कर दी थी।
जब पुलिस ने बाइक चोरी की पंजाब से सम्बंधित थाने में फोन कर तस्दीक की गयी तो वास्तव में बाइक चोरी की निकली। लेकिन पुलिस ने अपह्रत बच्चे से भी दोनों की पहचान करायी गयी तो उसने भी अपहरणकर्त्ता के रूप में उनकी पहचान नहीं की। पुलिस ने दोनों बाइक चोरों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस बाइक चोरों को रिमांड में लेकर अपहरणकर्त्ताओं के सम्बंध में गहनता से पूछताछ करते हुए उनको गिरफ्रतार करेगी।
