गैंगस्टर गोल्डी बराड के नाम से हाट्सएप कॉल से दी जा रही थी धमकी
03 मोबाइल व 11 सिम बरामद, पाकिस्तान व साऊदी अरब के नम्बर मिले
आरोपी से पाकिस्तान व साऊदी अरब से सम्बंधों की जानकारी लेने में जुटी
मामले का खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी ने दिया 10 हजार का इनाम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। गैंगस्टर गोल्डी बराड के नाम से हाट्सएप व इन्टरनेट कॉल कर हॉस्पिटल के स्वामी से 20 लाख की फिरौती मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। फिरौती की रकम ना देने पर चिकित्सक को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 03 मोबाइल और 11 सिम बरामद किये है।
आरोपी से बरामद मोबाइल में पाकिस्तान और सऊदी अरब के नम्बर मिले है। पुलिस आरोपी से पाकिस्तान और साऊदी अरब से सम्बंधों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं मंे मामला दर्ज कर लिया है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी की ओर से 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार अजय सिंह ने बताया कि 26 जून 23 को गोवर्धनपुर खानपुर हरिद्वार निवासी चीमा हॉस्पिटल के स्वामी डॉ. त्रिलोक सिंह चीमा ने खानपुर थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके मोबाइल नम्बर पर गैंगस्टर गोल्डी बराड के नाम से हाट्सएप व इन्टरनेट कॉलिंग कर अज्ञात द्वारा 20 लाख की डिमांड की जा रही है। फिरौती का पैसा ना देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए आलाधिकारियों को अवगत कराया गया था। उनके निर्देश पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिये गये थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जिस नम्बर से धमकी दी जा रही थी नम्बर को सर्विलांस पर लगाते हुए कॉलर की जन्म कुंडली खंगालते हुए तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम के साथ सीआईयू को भी शामिल किया गया। पुलिस और सीआईयू ने कड़ी मेहनत के बाद एक आरोपी को ओखला दिल्ली से दबोच कर हरिद्वार लाया गया। जिसके पास से पुलिस ने 03 मोबाइल फोन व 11 सिम बरामद किये। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम उत्तम कुमार पुत्र स्व0 रामविलाश निवासी ग्राम सबलपुर पो0 डिग्गी थाना लक्ष्मीपुर जिला जमुई, विहार, हाल निवासी बाबू पार्क कोटला न्यू साउथ दिल्ली बताया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल में पाकिस्तान और साऊदी अरब के कुछ नम्बर भी मिले है। जिनके द्वारा कॉल आरोपी के पास फॉरवर्ड हो रही थी। इस गैंग में अन्य लोगों के शामिल होने की बात सामने आयी है।
एसएसपी ने बताया कि जांच में पता चला हैं कि कई फर्जी बैंक एकाउंड जनरेट करते हुए उनके जरिये पैसा डालने की बात सामने आयी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पाकिस्तान और साऊदी अरब से सम्बंधों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस टीम को उनकी ओर से 10 हजार का इनाम देने की घोषणा की गयी है।
