सिडकुल में चाहती थी नौकरी करना, ससुरालिए कर रहे थे इंकार
मायके ने लगाया पति समेत पांच पर हत्या का आरोप
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्रान्तर्गत नवा गांव में रविवार की रात को ससुरालियों से नाराज होकर महिला ने फांसी लगा ली। बताया जा रहा हैं कि ससुरालिये खुद महिला को जिंदा होने की सम्भावना को देखते हुए फंदे से उतार कर उपचार के लिए भूमानंद हाॅस्पिटल ले गये। जहां पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने हाॅस्पिटल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं मृतका के मायके की ओर से हत्या किये जाने का आरोप मढते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने सोमवार को मृतका का चिकित्सकों के पैनल और वीडियोंग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराते हुए शव को परिजनों के सुपूर्द कर दिया।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई नितिश शर्मा ने बताया कि बीती रात सूचना मिली कि नवा गांव सराय ज्वालापुर हरिद्वार निवासी एक महिला ने घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मालूम हुआ कि ससुरालिए महिला को फंदे से उतार कर भूमानदं हाॅस्पिटल ले गये। जहां पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जिसकी पहचान सोनिया पत्नी मिथुन उम्र 26 वर्ष निवासी नवा गांव सराय ज्वालापुर के रूप में हुई है।
एसएसआई के अनुसार मृतका के दो बच्चे हैं और वह दो माह से सिडकुल स्थित फैक्ट्री में नौकरी करने के लिए ससुरालियों को मनाने का प्रयास में लगी थी। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग सोनिया के नौकरी करने के पक्ष में नहीं थे। घटना वाले दिन सोनिया मायके गयी और अपने दोनों बच्चों को छोड़ कर देर शाम को नौकरी के लिए बायोडेटा बनाकर ससुराल पहुंची। जिसको लेकर सोनिया ने सास से कहा कि वह नौकरी के लिए सिडकुल जाएगी। इसी बात को लेकर बहू और सास के बीच कहासुनी हो गयी। जिससे नाराज महिला ने उपरी मंजिल स्थित अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। ससुरालियों ने दरवाजे को खोलकर फंदे से लटकी महिला को उपचार के लिए भूमानंद हाॅस्पिटल ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
वहीं मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर सोनिया की हत्या का आरोप मढा है। जिसके सम्बंध् में मृतका के भाई विकास पुत्र स्व. महेराज निवासी सराय ज्वालापुर की ओर से पति समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली ज्वालपुर में तहरीर दी गयी है। एसएसआई नितिन शर्मा ने माना हैं कि मायके वालों की ओर से तहरीर दी गयी है। लेकिन पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने की प्रतिक्षा कर रही है। जिसके बाद ही पुलिस कार्यवाही करेगी।
