
निर्धारित समय पर दूसरे अखाडे के संतों को स्नान करता देख हुए नाराज
शाही स्नान करने से किया इंकार, अधिकारियों ने संतों को मनाया
संतों की नाराजगी ने कुंभ प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोली
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कुम्भ के सोमवती अमावस्या के दूसरे शाही स्नान के दौरान निर्धारित समय में दूसरे अखाड़े के संतो के स्नान करनेे से नाराज बड़ा अखाड़ा उदासीन के संतो ने नाराजगी जताते हुए धरने पर बैठ गये। मेला प्रशासन की व्यवस्थाओं से नाराजी जताते हुए श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन ने शाही स्नान करने से इंकार कर दिया। जिससे मेला प्रशासन में हड़कम्प मच गया। जिसकी जानकारी मिलते ही अपर मेलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर नाराज संतों को बामुश्किल मनाया। जिसके बाद संतों ने ब्रहा्कुण्ड पहुंचकर शाही स्नान किया। लेकिन संतों की नाराजगी ने मेला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खडे कर दिये है।
खास है कि अखाड़ों के शाही स्नान क्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार और मेला पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल स्वयं हरकी पैड़ी पर मौजूद थे। कुंभ के सोमवती अमावस्या के दूसरे शाही स्नान का समय अखाड़ों को क्रमवार मेला पुलिस महानिरीक्षक द्वारा निर्धारित किया गया था।
बताया जाता है कि मेला प्रशासन द्वारा स्नान क्रम निर्धारित करते हुए श्री बड़ा अखाड़ा उदासीन का स्नान का क्रम पांचवा दिया, बड़ा अखाड़ा उदासीन को अपनी छावनी से 12 बजे स्नान के लिए प्रस्थान करना था, उन्हे ब्रहा्रकुण्ड पर 2 बजकर 50 मिनट पर पहुंचकर 3 बजकर 20 मिनट तक स्नान का समय निर्धारित था। जिसके बाद उन्हे वापस अपनी छावनी में प्रस्थान करना था। बताया जाता है कि बड़ा अखाड़ा उदासीन के संतो की शाही सवारी जब शाॅल पुल पहुची तो उस समय बैरागी अखाड़े के संत ही ब्रहा्रकुण्ड में स्नान कर रहे थे। जिसको देखकर श्री बड़ा अखाड़ा उदासीन के संत नाराज हो गये और अपने निर्धारित समय पर अन्य अखाड़ों के संतों के स्नान करता देख वह वहीं धरने पर बैठकर मेला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
बताया जा रहा हैं कि नाराज संतों ने शाही स्नान करने से इंकार कर दिया। जिसकी जानकारी मिलते ही कुंभ मेला प्रशासन में हड़कम्प मच गया। कुंभ अपर मेलाधिकारी हरबीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर नाराज संतों को बामुश्किल मनाया, जिसके बाद संतों ने ब्रहा्रकुण्ड पहुंचकर शाही स्नान किया। लेकिन संतों की नाराजगी ने कुंभ मेला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवालियां निशान लगा दिया है।