परिवारों से नाराज होकर सुसाइड के लिए पहुंचा था हरिद्वार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। परिजनों से नाराज होकर बरेली से हरिद्वार पहुंचे व्यक्ति ने शुक्रवार की शाम को चंडी पुल से गंगा में छलांग लगा दी। घटना को देख रहे लोगों ने व्यक्ति को बचाने के लिए शोर मचाते हुए पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना पर चंडीघाट चौकी और रोडीबेल वाला चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोर टीम की मदद से टापू पर फंसे व्यक्ति को बचाते हुए परिजनों को सूचित कर दिया।
रोडीबेलवाला चौकी प्रभारी पवन डिमरी ने बताया कि बीती देर शाम सूचना मिली कि एक व्यक्ति के चंडी पुल से गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिली। सूचना पर चंडीघाट चौकी प्रभारी गजेन्द्र रावत व वह खुद मौके पर पहुंचे, पुल से आत्महत्या के इरादे से कूदा व्यक्ति ठोकर नम्बर 10 के सामने गंगा के बीचों बीच बने टापू पर फंस गया। जिसकी जानकारी गोताखोर टीम को दी गयी। जिनके पहुंचने पर टापू में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम गांगा प्रसाद पुत्र गौकर्ण उम्र 47 वर्ष निवासी खलपुर थाना फरीदपुर जिला बरेली यूपी बताते हुए जानकारी दी कि वह परिजनों से नाराज होकर आत्महत्या के इरादे से हरिद्वार आया और पुल से गंगा में कूद गया। लेकिन गंगा के बीच टापू पर फंस जाने से पुलिस ने उसको बचा लिया। पुलिस ने व्यक्ति के परिजनों को मामले से अवगत करा दिया गाया है। जिसके परिजन हरिद्वार के लिए रवाना हो गये है।
