नरेश शर्मा ने भी तहरीर देकर बताया अपनी जान को खतरा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। ग्रामीण विधानसभा आप प्रत्याशी समेत अन्य पर एक व्यक्ति ने कनखल थाने में तहरीर देकर रास्ता रोककर गाली गलोच कर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आप प्रत्याशी ने भी स्वामी यतीश्वरानदं के लोगों पर अपनी व परिवार की जान को खतरा बताने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने आप नेता की तहरीर पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
सीओ सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि मुनेश सिंह पुत्र जलसिंह निवासी ग्राम टीकमपुर लक्सर हरिद्वार ने तहरीर देकर ग्रामीण विधानसभा सीट के प्रत्याशी नरेश शर्मा निवासी गुरबख्श विहार कनखल व अन्य पर रास्ते में रोककर गाली गलोच करते हुए मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर में बताया गया कि वह भाजपा प्रत्याशी स्वामी यतीश्वरानदं के लिए चुनाव में काम कर रहा था, जो ग्रामीण विधानसभा से चुनाव लड़ रहे थे।
इसी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नरेश शर्मा भी चुनाव लड़ रहे थे। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद वह अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान नरेश शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ उसे रास्ते में रोक कर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी गयी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नरेश शर्मा समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी ओर आप प्रत्याशी नरेश शर्मा ने ही कनखल थाने में तहरीर देकर मुनेश सिंह समेत अन्य पर धारदार हथियारों, लाठी, डण्डों से लैस होकर उसके घर में घुसकर गाली गलोच कर तोडफोड़ करते हुए उसको व परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तहरीर में आप नेता नरेश शर्मा ने स्वामी यतीश्वरानंद के लोगों से अपनी जान को खतरा बताया है। आरोप लगाया कि 17 फरवरी की दोपहर को मुनेश सिंह कुछ लोगों के साथ उसके घर में घुस गया और एलानिया धमकी दी कि वह स्वामी यतीश्वरानदं का आदमी है।
उन्होंने ही उसको यहां पर तूझे मारने के लिए भेजा है। उनकी पहुंच बहुत ऊपर तक है चुनाव में तूने बहुत परेशान किया है। जिन्होंने गाली गलौज करते हुए तोड़फोड़ कर उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। सीओ सिटी ने बताया कि नरेश शर्मा से तहरीर ले ली गई है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
