♦तुलसी चौक पर फूटपाथ से हुई थी चोरी, पुलिस दबाब के चलते आरोपी छोड कर भागा
♦पुलिस ने बच्ची को चार धंटों के भीतर ऋषिकुल चौक बस अड्डे से किया बरामद
♦बच्ची चोरी की घटना तुलसी चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
♦सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपी की शिनाख्त के प्रयास, पुलिस तलाश में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने तुलसी चौक के पास देर रात फूटपाथ से चोरी हुई दो साल की बच्ची, जोकि अपनी मां के साथ सो रही थी को चंद घंटों के भीतर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। जबकि अपहरणकर्त्ता फरार होने में कामयाब रहा। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बच्ची के चोरी होने की पूरी घटना कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से अपहरणकर्त्ता की शिनाख्त के प्रयास करते हुए उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा हैं कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस बात का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने एसपी सिटी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली कि बीती रात तुलसी चौक के पास फूटपाथ पर अपनी मां के साथ सो रही दो साल की बच्ची चोरी हो गई है। घटना की जानकारी सुबह पीडित मां के जागने पर हुई। इस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीडित परिवार समेत आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके द्वारा मामले की गम्भीरता को देखते हुए शीघ्र बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की पांच टीमे गठित की गई।
कप्तान ने बताया कि गठित टीम में एएचटीयू और सीआईयू हरिद्वार की टीम को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे समेत अन्य स्थानों के सीसीटीवी खंगाले गये। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्ची के चोरी करने की घटना कैद हुई है। जिसमें एक शख्स बच्ची को ले जाता नजर आ रहा है। पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी का पीछा शुरू किया। इसी दौरान आरोपी पुलिस के दबाब के चलते बच्ची को ऋषिकुल चौक के पास बस अड्डे के पास छोड कर फरार हो गया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी का पीछा करते हुए बच्ची को लावारिस हालत में धुमते हुए ऋषिकुल चौक के पास बस अड्डे से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को पीडित परिवार के सुपूर्द कर दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपी की शिनाख्त के प्रयास करते हुए उसकी तलाश में जुटी है। जिसको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
