
तीन वार्डो 23, 26 व 30 को छोड कर होगी शहर की सफाई
निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने पर शहरवासियों ने ली राहत
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। आखिर पांच दिनों से चली आ रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को मेयर और कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेताओं के बीच बनी सहमति के बाद समाप्त कर दी। कर्मचारी संयुक्त मोर्चा नेताओं के जनहित को देखते हुए मेयर के अनुरोध् पर सकारात्मक कदम उठाया है। लेकिन साथ ही तीन पार्षदों के क्षेत्र से कूडा न उठाने की भी बात कही गयी है। बताते चले कि गत शनिवार को बोर्ड की बैठक में सहायक नगर आयुक्त विनोद आर्य व लिपिक वेदपाल के साथ भाजपा के कुछ पार्षदों द्वारा अभद्रता को लेकर कर्मचारियों अक्रोशित हो गये। जिन्होंने कार्य बहिष्कार कार्यालयों में ताला डालकर शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प कर दी थी। नगर निगक मेयर अनीता शर्मा द्वारा गुस्साएं कर्मचारियों को मनाने का काफी प्रयास किया गया। लेकिन कर्मचारी नेता अभद्रता को लेकर दोषी पार्षदों के अचारण को लेकर अपने गुस्से का इजहार करते रहे। इसी दौरान सहायक नगर आयुक्त विनोद आर्य द्वारा एक पार्षद के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। जिसके बाद भाजपा पार्षदों ने सहायक नगर आयुक्त के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नगर में प्रदर्शन भी किया। इसी बीच शासन की ओर से सहायक नगर आयुक्त का स्थान्तरण कर दिया गया। जिसके बाद कर्मचारी नेताओं का आक्रोश फूट पड़ा और नगर निगम परिसर में धरना प्रदर्शन जारी रहा। नगर निगम मेयर अनीता शर्मा भी खुलकर कर्मचारियों के पक्ष में खड़ी हो गयी। शहर में सफाई व्यवस्था चौपट हो जाने पर मेयर ने कर्मचारी संयुक्त मोर्चा को हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास शुरू करते हुए शहर की बदहाल स्थिति से अवगत कराया गया। जिसपर मेयर को कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने अभद्रता करने वाले तीनों पार्षदों से माफी मांगने के बाद हड़ताल वापस लेने की अपनी मंशा को जाहिर की। बताया जा रहा हैं कि मेयर द्वारा भाजपा के पार्षद दल को कर्मचारियों की भावना से अवगत कराया गया। और शुक्रवार को सुबह 11 बजे का समय निर्धारित किया गया। लेकिन भाजपा पार्षद दल मौके पर नहीं पहुंचा। लेकिन शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को देखते हुए मेयर और कर्मचारी सयुंक्त मोर्चा ने जनहित में हड़ताल वापस लेने का ऐलान कर दिया। लेकन कर्मचारी सयुंक्त मोर्चा नेताओं ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारी शहर के सफाई तो करेगें, लेकिन अभद्रता करने के आरोपी तीनों पार्षदों के क्षेत्रों वार्ड संख्या 23, 26 व 30 की सफाई व कूडा ना उठाने की अपनी मंशा भी जाहिर कर दी। जिसके बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल समाप्त कर कार्यालयों के ताले खोलते हुए शहर की सफाई व्यवस्था के लिए राजी हो गये। मेयर अनीता शर्मा ने निगम की वर्कशाॅप में पहुंचकर शहर की सफाई व्यवस्था सुचारू करने के लिए सफाई वाहनों को वर्कशाॅप से शहर में रवाना करते हुए कहा कि भाजपा पार्षदों द्वारा कर्मचारियों से क्षमा ना मांगना अपने आप में एक सोचनीय बात है सम्मान के हकदार निगम के कर्मचारी भी हैं और मैं निगम के कर्मचारियों के साथ हूं। कहा कि आज शासन को आरोपी पार्षदों के विरुद्ध कार्यवाही के लिए पत्र लिखा जाएगा। वहीं नगर आयुक्त जय भारत सिंह ने बताया कि जिन तीन वार्ड में सफाई कार्य बाधित करने की बात की गई है कर्मचारियों से उस विषय में वार्ता की जाएगी।