सहायक नगर आयुक्त के तबादले के बाद कर्मचारियों में उबाल
लीना बनौधा
हरिद्वार। नगर निगम की राजनीति में सहायक नगर आयुक्त के तबादले से उबाल आ गया है जिसके चलते जहां निगम कर्मचारियों ने संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी कार्य बहिष्कार करते हुए निगम के कार्यालय बंद रखते हुए सफाई कार्य भी नहीं किया वहीं सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार के तबादले से आक्रोशित कांग्रेस अनुसूचित विभाग के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर निगम में प्रदर्शन कर शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक का पुतला फूंका। जिला अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि दलितों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।सहायक नगर आयुक्त का स्थानांतरण वापस नहीं लिया गया तो कार्यकर्ता सड़कों पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इन्होंने सहायक नगर आयुक्त के साथ अभद्रता करने वाले पार्षद की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही बोर्ड बैठक में जिस प्रकार से पार्षद ने सहायक नगर आयुक्त के साथ अभद्रता की उसकी जितनी आलोचना की जाये वह कम है ।धरना प्रदर्शन करने वालों में दीपक कटारिया ,तीरथ पाल रवि ,विशाल राठौर, अजय मुखिया ,नवीन, रवि बहादुर, इसरार अहमद ,मनोज जाटव ,जफर अब्बासी, शाहनवाज कुरेशी, हिमांशु बहुगुणा समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे। आपको बताते चलें कि गत शनिवार को बोर्ड की बैठक में भाजपा के पार्षद द्वारा सहायक नगर आयुक्त विनोद आर्य के साथ अभद्रता की थी जिस पर सहायक नगर आयुक्त विनोद आर्य द्वारा कोतवाली हरिद्वार में भाजपा पार्षद शुभम मंडोला के विरुद्ध मामला दर्ज करा दिया था। भाजपा पार्षदों द्वारा सहायक नगर आयुक्त विनोद आर्य व लिपिक वेदपाल से अभद्रता के बाद निगम कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सोमवार से कार्य बहिष्कार करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके बाद शासन द्वारा सहायक नगर आयुक्त विनोद कुमार का गत दिवस कोटद्वार स्थानांतरण कर दिया गया। सहायक नगर आयुक्त के स्थानांतरण से कर्मचारियों में आक्रोश और अधिक पनप गया। माना जा रहा था कि पार्षद व सहायक नगर आयुक्त का विवाद निपट जाएगा लेकिन तबादले के बाद कर्मचारियों ने पार्षदों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम में धरना स्थल पर संयुक्त मोर्चा के नेता सुरेंद् टेश्चर, राजेंद्र श्रमिक, अखिलेश शर्मा ,रामचंद्र सुनील राजोर, कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ,मेयर अनीता शर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कर्मचारियों को संबोधित किया तथा तय हुआ कि मेयर अनीता शर्मा के कार्यालय पर शाम 4:00 बजे कर्मचारी नेताओं व भाजपा पार्षदों की एक बैठक आहूत की गई है जिसमें समझौते का प्रयास किया जाएगा ताकि जनहित में सकारात्मक रास्ता निकल सके लेकिन 4 बजे मेयर कार्यालय पर कर्मचारी नेता तो पहुंचे लेकिन भाजपा के पार्षद निर्धारित समय पर नहीं पहुंचे जिसकी वजह से कोई हल नहीं निकल पाया। कर्मचारी नेताओं ने तय किया कि शुक्रवार को 11:00 बजे से धरना प्रदर्शन करते हुए शहर की सड़कों पर जुलूस निकाला जाएगा।
शुक्रवार को 11:00 बजे तक निगम प्रांगण में दोषी भाजपा पार्षद आकर अगर कर्मचारियों से माफी नहीं मांगते तो उनके विरुद्ध शासन को सदस्यता समाप्त करने के लिए पत्र लिखा जाएगा। दोषी भाजपा पार्षदों की वजह से शहर की सफाई व्यवस्था खराब हो रही है।
अनीता शर्मा मेयर हरिद्वार
अगर दोषी भाजपा पार्षद द्वारा 11:00 बजे निगम प्रांगण में आकर माफी नहीं मांगी जाती तो शहर की सड़कों पर नगर निगम कर्मचारी पार्षदों के विरुद्ध जुलूस निकालेंगे बाकी रणनीति के मुताबिक योजना बनाई जाएगी।
राजेंद्र श्रमिक कर्मचारी नेता


