11 अक्टूबर को कृषि बिल के विरोध में लालढांग से रैली का आगाज
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। केंद्र सरकार किसान विरोधी नीतियां अपना रही है, किसानों को साथ लेकर इस काले कानून को वापस लेने के लिए कांग्रेस भाजपा सरकार पर दवाब बनाएंगी। इस बात की जानकारी शुक्रवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में रविवार को किसान बचाओ खेती बचाओ रैली लालढांग के गांधी चौक से श्यामपुर तक निकाली जाएगी। कृषि विधेयक के विरोध में रैली में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेसी नेता शामिल होंगे। पूर्व प्रदेश सचिव विभाष मिश्रा ने कहा ये कानून हिन्दुस्तान की आजादी छीनने का कानून हैं ये कानून सिर्फ किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार के खिलाफ नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान के खिलाफ हैं और इसलिए कांग्रेस पार्टी पीछे नहीं हटने वाली। उन्होंने कहा की छह साल से दिल्ली में नरेंद्र मोदी की सरकार है और छह साल से ये सरकार गरीबों, मजदूरों, किसानों पर एक के बाद एक आक्रमण कर रही है। इनकी एक भी नीति गरीब जनता को फायदा पहुंचाने की नहीं है, इनकी सब नीति इनके 3-4 चुने हुए मित्रों के लिए बनाई जाती हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राम विशाल देव ने कहा कि हम इस यात्रा से किसानों को विश्वास दिलाना है कि कांग्रेस कृषि कानूनों के खिलाफ मजबूती से उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा मोदी सरकार दावा कर रही है कि ये कानून किसानों के लिए फायदेमंद है, तो सरकार यह भी बताए कि लाखों किसान इसके खिलाफ सड़कों पर क्यों हैं। सरकार इन तीन कानूनों को पास कराने के लिए इतनी आतुर क्यों थी अगर सरकार को यह कानून पास करवाना था तो संसद में इस पर व्यापक चर्चा कराती, विपक्षी दलों के भारी विरोध के बावजूद भी कृषि बिल को पास करा दिया। उन्होंने कहा कि अगर किसानों के लिए कानून बनाए जा रहे हैं तो किसानों से भी इस संबंध में बात करनी चाहिए थी। प्रेसवार्ता में यूथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राम विशाल देव, विभाष मिश्रा, यूथ के जिला अध्यक्ष रवि बहादुर, विनोद कुमार, सहित कई नेता मौजूद रहे।
