
बबलू सैनी
हरिद्वार/रुड़की। दहेज को लेकर बार-बार प्रताड़ित कर रहे ससुराल पक्ष के लोगों ने 2 दिन पूर्व विवाहिता को खाने में जहर देकर जान से मारने की कोशिश की। लेकिन आस पास के कुछ लोगों ने घटना की जानकारी विवाहिता के मायके को दे दी। सूचना पर मायके वाले पहुंचे और विवाहिता को लेकर रुड़की आ गए और एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहाँ उपचार के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार तेज्जुपुर गांव निवासी कोमल की शादी कुछ वर्ष पूर्व देवबंद स्थित धमात गांव निवासी राकुल के साथ हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। राकुल से कोमल को दो बच्चे भी है। लेकिन कोमल को ससुराल पक्ष के लोग बार-बार दहेज के लिए प्रताड़ित कर उसका उत्पीड़न करते रहते थे। 2 दिन पूर्व भी ऐसा ही हुआ और कोमल को दहेज के लिए प्रताड़ित करते हुए ससुरालियों ने उसके खाने में जहर देकर उसे मारने का प्रयास किया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। आसपास के लोगों ने कोमल के मायके वालों को घटना से अवगत कराया। सूचना पर मायके वाले विवाहिता की ससुराल पहुंचे और उसे गंभीर हालत में लेकर रुड़की के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी उपचार के दौरान मौत हो गयी। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच हुआ है। वही विवाहिता के मयको वालो ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में नामजद तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।