राजा बिस्कुट चौक पुलिस पिकेट के पास कब्रिस्तान से मिला था शव
हत्यारोपी की निशानदेही से हत्या में प्रयुक्त टाईल्स का टुकड़ा बरामद
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सिड़कुल पुलिस ने चार दिन पूर्व हुई ट्रक हैल्पर की हत्या का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्रतार किया है। जिसके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टाईल्स का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान मृतक द्वारा उसकी जलती मोमबत्ती पर लात मारकर गिरा कर बुझा देने के बाद झगड़े के दौरान हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खण्डूरी ने रविवार को सिड़कुल थाने में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 01 मई को सिडकुल स्थित टीसीआई ट्रासपोर्ट के ट्रक में हैल्पर अनिल कुमार पुत्र राज कुमार उम्र करीब 38 वर्ष निवासी मौहल्ला खिरनी बाग सदर बाजार शाहजहांपुर यूपी हाल निवासी रावली महदूद सिड़कुल का शव राजा बिस्कुट चौक पुलिस पिकेट के पास कब्रिस्तान से पुलिस ने बरामद किया था। जिसके शरीर व चेहरे पर चोट के निशान थे। मृतक के भाई योगेश अवस्थी पुत्र राजकुमार निवासी मौहल्ला खिरनी बाग सदर बाजार शाहजहांपुर यूपी ने अज्ञात के खिलाफ भाई की हत्या का मामला सिड़कुल में दर्ज कराया गया था। हत्यारों को दबोचने के लिए एसओजी की टीम को भी सिड़कुल पुलिस के सहयोग के लिए लगाया था। उन्होंने बताया कि बीती रात सिड़कुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हैल्पर की हत्या को अंजाम देने वाला आरोपी विकास कुमार पुत्र प्रीतम सिंह निवासी लक्ष्मी विहार रावली महदूद सिड़कुल हाईवे स्थित गंगोत्री धर्मकांटे के पास मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस व एसओजी टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी को दबोच लिया। जिसने पूछताछ के दौरान हैल्पर अनिल की हत्या को अंजाम देना स्वीकार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी विकास कुमार ने खुलासा किया कि 01 मई को शराब के नशे में वह कब्रिस्तान में गया, जहां पर अधेंरा था, इस लिए नशे का इंजेक्शन लगाने के लिए मोमबत्ती जला ली। इसी दौरान एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंचा। जिसके पैर लगने से उसकी मोमबत्ती गिरकर बुझ गयी। जिसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। व्यक्ति ने उसको मारने के लिए टाईल्स का टुकड़ा उसकी ओर फैंका, जो उसको नहीं लगा। जिसके बाद उसने टाईल्स का टुकड़ा उठाकर उसके सिर व चेहरे पर कई वार कर घायल कर भाग गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से टाईल्स का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी आयुष अग्रवाल सहित आदि पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
