♦मुठभेड के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, दूसरा फरार
♦दोनों बदमाश चैन स्नेचर निकले, खडखडी, कनखल और रायवाला कर चुके वारदात
♦घायल बदमाश से खडखडी क्षेत्र से की गई स्नेचिंग चैन, तमंचा, दो खोखा कारतूस बरामद
♦बदमाश दिल्ली के सुल्तानपुरी के हैं रहने वाले, दिल्ली में भी दोनों पर अपराधिक मामले दर्ज
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच बीती रात औद्योगिक क्षेत्र में मुठभेड हो गयी। मुठभेड के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने पर उसको पुलिस ने दबोच लिया। जिसके पास से पुलिस ने खडखडी क्षेत्र से स्नेचिंग की गई चैन, एक तमंचा और दो खोखा कारतूस भी बरामद किया है। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस घायल बदमाश को उपचार के लिए उप जिला मेला अस्पताल ले गई, जहां पर उसका उपचार जारी है। बदमाश की पहचान चैन स्नेचर के तौर पर हुई है। जिन्होंने खडखडी, कनखल और रायवाला क्षेत्र में चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस टीम फरार बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस टीम की सघन कांम्बिग सुबह तक जारी रही, लेकिन उसको कुछ पता नहीं चला है। पुलिस का दावा हैं कि जल्द की फरार बदमाश को पकड लिया जाएगा।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कोतवाली नगर के खडखडी क्षेत्र में एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देकर फरार हो गये। इस जानकारी पर पुलिस टीमे बाइक सवार बदमाशों को पकडने के लिए सघन चैकिंग अभियान पर पर थी। इसी दौरान कोतवाली नगर के औद्योगिक क्षेत्र में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ चैकिंग अभियान पर थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध देखे गये। जिनको रोकने के लिए पुलिस ने सकेंत दिया।
उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही पुलिस पर फॉयर झौक कर भागने का प्रयास किया। पुलिस घ्टीम ने अपना बचाव करते हुए जबाबी कार्यवाही की। इसी दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने पर घायल हो गया। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में कामयाब रहा। पुलिस ने घटना स्थल से एक तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किया। घायल बदमाश को उपचार के लिए उप जिला मेला अस्पताल ले जाया गया। घायल बदमाश की पहचान नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली के तौर पर हुई है। वहीं फरार हुए बदमाश की जानकारी दबोचे गये बदमाश ने दिनेश निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली के तौर पर दी है।
कप्तान ने बताया कि घायल बदमाश ने पूछताछ के दौरान बताया कि उन्होंने ज्वालापुर क्षेत्र से चोरी की गई बाइक से कोतवाली नगर के खडखडी क्षेत्र में महिला से चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया। उसने फरार अपने साथी के साथ मिलकर थाना कनखल और रायवाला थना क्षेत्र में भी चैन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। दोनों ने कोतवाली नगर क्षेत्र से एक बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, लेकिन बाइक स्टाट नहीं होने के कारण वह छोड कर फरार हो गये थे। दोनों बदमाशों पर दिल्ली में कई अपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस ने दबोचे गये आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं मंे मामला दर्ज कर लिया है। वहीं फरार बदमाश की सरगर्मी से तलाश जारी है।



