आरोपः भूमाफिया के साथ कुछ संत भी कर रहे आश्रम पर कब्जे का प्रयास
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर के भूपतवाला क्षेत्र स्थित चर्चित स्वामी देवानंद भारत भक्ति आश्रम (अमेरिकन आश्रम) की प्रबंधक परमजीत कौर ने भूमाफिया समेत कुछ संतों पर आश्रम की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से भूमि पर किए गए कब्जे को हटवाने और उनकी व परिवार की जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। आश्रम प्रबंधिका परमजीत कौर अपनी बेटी के साथ रविवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से रूबरू हो रही थी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा आश्रम की भूमि कब्जाने के उद्देश्य से षड़यंत्र कर दीवार का निर्माण कर लिया गया था। पुलिस प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक भूमि को कब्जा मुक्त नहीं कराया गया है। आरोप लगाया कि आश्रम की भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफिया के साथ कुछ संत भी शामिल हैं, जोकि लगातार उसको व आश्रम के चौकीदार को डराया और धमकाया जा रहा है।
पत्रकारवार्ता में मौजूद रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने आश्रम की स्वामी कनाडा निवासी ईस्टर फ्रीड से व्हाट्सएप वीडियों कॉल पर पत्रकारों से भी वार्ता कराई गई। ईस्टर फ्रीड ने व्हाट्सएप वीडियों कॉल पर पत्रकारों के सवालों का भी जबाब दिया। कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने कहा कि धार्मिक संपत्ति को कब्जाने नहीं दिया जाएगा। स्वामी देवानंद भारत भक्ति आश्रम (अमेरिकन आश्रम) की स्वामी कनाडा में निवास करती हैं। उनके द्वारा भी प्रशासन से आश्रम की सुरक्षा एवं बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप पर रोक की मांग की है। लेकिन कुछ भगवा वेशधारी भूमाफिया के साथ मिलकर आश्रम को कब्जाना चाहते हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से आश्रम को कब्जाने के प्रयास में लगे भूमाफिया व संतों पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि आश्रम को बचाने के लिए किसी भी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे।
