भाजपा ने कांग्रेस नेताओं पर लगाया गलत बयानबाजी व जनता को भ्रमित करने का आरोप
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। मेला प्रशासन द्वारा कुंभ मेले में पैदल लोगों के लिए चलने के लिए भगत सिंह चौक से लेकर बिल्केश्वर कॉलोनी तक सडक किनारे कराये जा रहे फूटपाथ निर्माण पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने मेला प्रशासन समेत प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी ने निर्माण कराये जा रहे फूटपाथ स्थल पर पहुंचकर फूटपाथ निर्माण के नाम पर कुंभ मेले के बजट को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मेला प्रशासन करोडो रूपये के बजट को ठिकाने लगाने का काम किया जा रहा है। जिसका लाभ ना तो बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा और ना ही स्थानीय नागरिकों को ही मिलेगा।
वहीं भाजपा के जिला सह संयोजक आपदा प्रबंधन अध्यक्ष अरूण कुमार तिवारी ने कांग्रेस पर औछी राजनीति करने तथा जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी की सरकार हरिद्वार में आयोजित होने जा रहे कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत हरिद्वार को सुन्दर, स्वच्छ, अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कांग्रेस के नेताओं को हरिद्वार में हो रहे विकास कार्य हजम नहीं हो रहे और विकास कार्यो को भ्रष्टाचार का नाम देकर ओच्छी राजनीति की जा रही है।
भगत सिंह चौक व्यापार मण्डल के सदस्य विजय सिंह ने कहा कि कुंभ मेल के आयोजन से पूर्व प्रदेश की भाजपा सरकार और मेला प्रशासन की ओर से विकास के कार्य निरन्तर किये जा रहे है। जिसको लेकर कांग्रेसी नेता मेला प्रशासन और प्रदेश की धामी सरकार पर मेले के बजट को ठिकाने लगाने के आरोप लगा रहे है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं हैं और शहर में हो रहे विकास कार्यो को लेकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया जा रहा है। जबकि शहर की जनता द्वारा हरिद्वार में हो रहे विकास कार्यो को सराहना किया जा रहा है।
इस अवसर पर ओमपाल सिंह, कल्लू टपरवाल, राजेश चौहान, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।
