सरकार के इशारे पर दुर्भावना से की गई होटल पर कार्रवाईः अशोक शर्मा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने कांग्रेस की पूर्व मेयर अनिता शर्मा के पति वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा के होटल पर आज सुबह जीएसटी विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में छापामार कार्यवाही की गई। वरिठ कांग्रेसी नेता के होटल में अचानक हुई इस कार्यवाही से आसपास के व्यापारियों में हडकम्प मच गया।
बताया जा रहा हैं कि जीएसटी विभाग की टीम ने होटल से सम्बंधित सभी दस्तावेज व रजिस्टर अपने कब्जे में लेकर खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान किसी को भी होटल के भीतर जाने नहीं दिया गया। इस कार्यवाही की भनक लगते ही व्यापारियों की होटल के बाहर भीड जमा हो गई। लेकिन जीएसटी विभाग की टीम को कार्यवाही के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध का सामना नहीं करना पडा। बताया जा रहा हैं कि जीएसटी विभाग की टीम ने होटल के कर्मियो से भी जानकारी जुटाई गयी।
जीएसटी विभाग टीम को इस छापेमारी के दौरान कुछ हाथ लगा या नहीं ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा ने इस कार्रवाई को सरकार के इशारे पर दुर्भावना से की गई कार्रवाई बताते हुए कहा कि वह सभी कार्य इमानदारी से करते हैं। उनके द्वारा पिछले कुछ समय से सरकार की कमियों को उजागर कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया गया है।
