पुलिस और एसडीआरएफ रात से ही बरसाती नाले में बही बालिका की तलाश में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में बीती देर शाम भारी बरसात के दौरान कृपाल स्कूल के पास, रावली महदूद में पुलिया के पास खेल रही दो बालिकाएं बरसात पानी के तेज बहाव की चपेट में आ जाने से बह गई। जिस की जानकारी लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों ने एक 7 वर्षीय बालिका को बचा लिया, जबकि दूसरी 6 साल की बालिका का कुछ पता नहीं लग सका। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ टीमों ने मौके पर पहुंचकर और बरसाती नाले में बही बालिका की तलाश शुरू कर दी। लेकिन दूसरी बालिका का कुछ पता नहीं चल सका है, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लापता बालिका की तलाश में जुटी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बीती देर शाम सिडकुल पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि रावली महदूद में बरसाती नाले में दो बालिका बह गयी है। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमे मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर पता चला कि दो बालिकाओं के खेलते समय बरसात के तेज बहाव पानी में बह गयी। जिनमें एक 7 साल की बालिका हिमानी को लोगों ने बचा लिया, लेकिन दूसरी 6 साल की बालिका विदिशा का कुछ पता नहीं चला। पुलिस और एसडीआरएफ टीमों ने तत्काल बरसाती नाले में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि पूरी रात पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों समेत गांव के लोग नाले में बही बालिका विदिशा की तलाश में जुटे रहे, लेकिन अभी तक बालिका का कोई सुराग नहीं मिल सका है। बालिका की तलाश के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं स्थानीय लोगों की सहायता से रात से ही हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जा रही हैं कि बारिश के दौरान बरसाती नालों, पुलियाओं एवं जलभराव वाले स्थानों के आसपास बच्चों को न जाने दें तथा तेज बहाव वाले पानी को पार करने का जोखिम न उठाएं।
