♦अभियान के दौरान 60 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए, 15 से अधिक ठेलियां की जब्त
♦दुकानदारों को नालियों के ऊपर सामान न रखने की दी कड़ी चेतावनी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार द्वारा लगातार आज चौथे दिन भी शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान देवपुरा से वाल्मीकि चौक तक चलाया गया, जिसमें सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, नगर निगम की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
अभियान के दौरान 60 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा 15 से अधिक ठेलियों को जब्त किया गया। अभियान के दौरान बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया गया, जहां सार्वजनिक मार्गों एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। नगर निगम की टीम द्वारा क्षेत्र के दुकानदारों को नालियों के ऊपर सामान न रखने के संबंध में कड़ी चेतावनी भी गई। नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि किसी भी दुकानदार द्वारा नाली पर अतिक्रमण नहीं किया जाएगा तथा सभी नालियों को पूर्णतः खाली रखा जाना अनिवार्य होगा, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
अभियान के दौरान बिना लाइसेंस संचालित ठेला व्यवसायियों की ठेलियां जब्त की गईं। वहीं जिन ठेला व्यवसायियों के पास वैध लाइसेंस उपलब्ध थे, उन्हें निर्देशित किया गया कि वे किसी एक स्थान पर स्थायी रूप से ठेला न लगाएं तथा केवल उन्हें प्रदत्त चलित व्यवसाय की शर्तों के अनुरूप ही कार्य करें। नगर निगम हरिद्वार द्वारा बताया गया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
