♦बस अड्डे के पास खडी महिला को आटो चालक ने कार चालक के किया हवाले
♦कार चालक बातचीत करने के बहाने महिला को सुकून गेस्ट हाउस लेकर पहुंचा
♦प्रबंधक पर बिना आईडी व एंट्री किये कमरा उपलब्ध कराने का लगा आरोप
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में शिवमूर्ति की गली स्थित सुकून गेस्ट हाउस में महिला से दुष्कर्म करने वाले दो आरोपियों समेत गेस्ट हाउस के प्रबंधक को पुलिस ने पीडिता की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया। आरोप हैं कि गेस्ट हाउस प्रबंधक द्वारा बिना आईडी और बिना एंट्री किये आरोपियों को कमरा उपलब्ध कराया गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली नगर पुलिस के मुताबिक एक महिला ने कोतवाली में तहरीर में देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि वह बस अड्डे के समीप खड़ी थी, तभी एक ऑटो चालक ने उसे बैठा लिया और कुछ दूरी पर ले जाकर उसे कार में बैठा दिया। आरोप है कि कार चालक बातचीत के बहाने महिला को शिवमूर्ति गली स्थित सुकून गेस्ट हाउस ले गया। ऑटो चालक भी पीछे-पीछे गेस्ट हाउस पहुंच गया। आरोप हैं कि गेस्ट हाउस प्रबंधक ने दोनों से बिना आईडी व बिना एंट्री कराये कमरा उपलब्ध कराया।
आरोप हैं कि गेस्ट हाउस के कमरे में ले जाकर दोनों श्याम साहू और अंकित वर्मा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह दोनों के चुंगल से बचकर कोतवाली नगर पहुंची। पुलिस ने मामले की गम्भीरता को देखते हुए घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराते हुए पीडिता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी।
एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस टीम गठित करते हुए चंद घंटों के भीतर ही पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस के प्रबंधक गोविंदा सिंह निवासी मुरादाबाद हाल सुकून गेस्ट हाउस हरिद्वार को दबोच लिया। जिससे पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर दोनों दुष्कर्म के आरोपियों अंकित वर्मा, निवासी बिजनौर हालसराय ज्वालापुर और श्याम साहू निवासी कड़च्छ, ज्वालापुर, को घोडा घाट के पास नहर पटरी के पास कार से गिरफ्तार कर लिया।












