जवानों के अनुशासन एवं शस्त्र ड्रिल अभ्यास का किया निरीक्षण कर किया साथ भोजन
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने अपने जवानों को फिट रखने के लिए आज सुबह पुलिस लाइन मैदान में परेड के दौरान जवानों के साथ दौड़ लगाई। जवानों को स्वस्थ रखने के लिए उनको फिजिकल एक्सरसाइज के लिए प्रेरित किया। इस के पश्चात जवानों की शस्त्र अभ्यास एवं मैन्युअल ड्रिल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो कमियां पाई गई, संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी देकर उसको बेहतर करवाया गया।
परेड के पश्चात एसएसपी हरिद्वार द्वारा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन की सभी अलग-अलग शाखों का भौतिक निरीक्षण करते हुए उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस लाइन पूरे विभाग का घर होता है, जहां से पूरी जनपद की पुलिस व्यवस्था चलती है, इसलिए पुलिस लाइन की सभी व्यवस्थाएं 24 घंटे अपडेट रहना अति आवश्यक हैं। इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरती जान चाहिए।
एसएसपी हरिद्वार कर्मचारियों के भोजनालय पहुंचकर स्वयं अधीनस्थ अधिकारियों के साथ भोजन किया। प्रतिसार निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि वह प्रतिदिन इसी प्रकार का पौष्टिक आहार कर्मचारियों को उपलब्ध कराएंगे साथ ही समय से कर्मचारियों को भोजन उपलब्ध कराया जाएं जिससे कि वह समय से अपनी ड्यूटी पर पहुंच सके।
