♦315 बोर का तमंचा, 01 जिंदा कारतूस, 32 बोर की पिस्टल और 02 जिंदा कारतूस बरामद
♦पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को खानपुर थाना क्षेत्र के जंगलों से दबोचा
♦बदमाशों ने विनय त्यागी पर जानलेवा हमला पैसों के लेनदेन को लेकर किया
♦दोनों आरोपी पूर्व में काशीपुर में पडी डकैती मामले में जा चुके जेल , पुलिस पूछताछ में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पेशी के दौरान कुख्यात पर फॉयरिंग कर घायल करने वाले फरार दो बदमाशों को पुलिस ने खानपुर के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, 32 बोर की पिस्टल समेत दो जिंदा कारतूस बरामद किया है। दोनों आरोपी काशीपुर से डकैती मामले में जेल जा चुके है। कुख्यात पर जानलेवा हमला पैसों की लेनदेन को लेकर किया गया। इस बात की जानकारी एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि कुख्यात विनय त्यागी को पेशी के लिए न्यायालय ले जाते वक्त बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबडतोड फॉयरिंग करते हुए घायल कर फरार हो गये थे। फॉयरिंग की घटना में दो पुलिस कर्मी भी घायल हो गये थे। घायलों को उपचार के लिए सीएससी सेेंटर ले जाया गया। जहां पर कुख्यात की हालत गम्भीर देखते हुए उसको हॉयर सेंटर रेफर कर दिया। दिनदहाडे कुख्यात पर हुई फॉयरिंग की घटना की सूचना मिलते ही आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुए घटना स्थल का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बाइक सवार बदमाशों को दबोचने के लिए जनपद की सीमाओं की नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी। बदमाशों को दबोचने के लिए पुलिस की कई टीमे गठित कर बदमाशों की तलाश में लगाया गया। इसी दौरान पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को खानपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सिकंदरपुर के जंगलों से बिजनौर हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। जिनके पास से पुलिस ने समेत 315 बोर व एक जिंदा कारतूस और 32 बोर की पिस्टल समेत दो जिंदा कारतूस बरामद किये।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम सन्नी यादव उर्फ शेरा पुत्र कमल सिंह निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर और अजय पुत्र कुंवर सैन निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना कोतवाली काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर बताया। बदमाशों का अपराधिक इतिहास खंगाला गया तो पता चला कि दोनों बदमाश पूर्व में काशीपुर में पडी डकैती में जेल जा चुके है। बदमाशो ने कुख्यात विनय त्यागी पर जानलेवा हमला पैसों के लेनदेन को लेकर किया।
कप्तान ने बताया कि पूछताछ के दौरान मालूम हुआ कि आरोपी सन्नी यादव का विनय त्यागी के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप हैं कि पैसे मांगने पर विनय त्यागी लगातार सन्नी यादव को जान से मरवाने की धमकी दे रहा था। इसी बात से नाराज होकर सन्नी यादव ने अपने मित्र अजय के साथ मिलकर विनय त्यागी को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। योजना को अंजाम देने के लिए सनी यादव लगातार विनय त्यागी की रैकी कर रहा था। इसी दौरान उसको मालूम हुआ कि विनय त्यागी को पेशी के लिए न्यायालय ले जाया जाएगा, इसी का फायदा उठाकर दोनों ने विनय त्यागी को जान से मारने के लिए हमला किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
