♦पीडिता मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही, आरोपी मौके से हुए फरार
♦मानवता को शर्मसार करने वाला वीडियों सोशल मीडिया में हो रहा जमकर वायरल
♦वीडियों के संज्ञान में आने पर पुलिस महकमे में मचा हड़कम्प, पुलिस जांच में जुटी
♦पीडित परिवार की ओर से पुलिस ने महिला समेत छः के खिलाफ किया मुकदमा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियों सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियों में कुछ लोग एक महिला को पोल से बांध कर भद्दी भद्दी गाली देते हुए पीटते नजर आ रहे है। पीडित महिला अपने आप को छोडने के लिए गिडगिडाते हुए चीख रही है। वीडियों को देखकर लोग महिला को पीटने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की बात कह रहे है।
वीडियों रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के लेबर कॉलोनी का बताया जा रहा है। बताया जा रहा हैं कि महिला मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण गलती से कॉलोनी में ही एक घर में घुस गयी। जिसपर घर के लोगों ने महिला को पकड लिया और उसको तालिबानी सजा सुनाते हुए पोल से बांध कर पीटा गया। मामला पुलिस के संज्ञान में आने पर पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाते हुए पीडित महिला के परिजनों की ओर से एक महिला समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लेबर कॉलोनी निवासी शुभम पुत्र लखमीचंद ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर शिकायत की हैं कि शनिवार सुबह करीब 5.40 बजे उनकी माता सुनीता घर से टहलने के लिए निकली थीं। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह रास्ता भटकते हुए कॉलोनी के ही एक घर में घुस गईं। इसी बात को लेकर कॉलोनी निवासी राहुल, इंदर, आशु, नागेश, राकेश और एक अज्ञात महिला ने उनकी माता को घेर लिया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर सुनीता को खंभे से बांध दिया और लात-घूंसे व डंडों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी भी दी। कुछ देर बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अवस्था में सुनीता को महिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं है। वहीं रविवार को इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और वीडियो के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
