पुलिस लूट में शामिल अन्य बदमाशों को पूर्व में गिरफ्तार कर भेज चुकी जेल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने ग्राम पंजनहेडी मे वर्ष 2024 में एक ज्वैलर्स की दुकान में फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए हजारों की नगदी व जेवरात लूट को अंजाम देकर एक साल से पुलिस की आखों में धूल झौक कर फरार चल रहे बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके अन्य साथियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने आरोपी को सम्बंधित धाराओ में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय मे पेश कर जेल भेज दिया।
थाना कनखल पुलिस के मुताबिक कनखल थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंजनहेडी में वर्ष 2024 में एक ज्वैलर्स की दुकान पर हथियारबंद बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए दुकान से 60 हजार की नगदी व जेवरात लूट में फरार हो गये थे। पुलिस ने लूट के एक आरोपी को 12 अगस्त 24 में मुठभेड के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। जिसने पूछताछ के दौरान लूट में शामिल अपने साथियों की पहचान उजागर की थी। जिसके आधार पर पुलिस ने लूट में शामिल बदमाशों को अलग-अलग क्षेत्रों से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
लेकिन एक आरोपी मोहित पुत्र राजेश कुमार निवासी महराज नगर जानसठ भोपा मुजफ्फरनगर यूपी फरार चल रहा था। जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी थी। इसी दौरान बीती देर शाम पुलिस ने सूचना पर एक साल से फरार चल रहे लूट के आरोपी मोहित को गुरुकुल कांगडी अण्डर पास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
