■आरोपियों से लूटी गयी रकम से 65 हजार, पैन कार्ड बरामद
■फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी, 24 घंटे में हुआ खुलासा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। फाइनेंसर से हजारों की लूट को अंजाम देने वाले दो लूटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिनसे पुलिस ने फाइनेंसर से लूटी गयी रकम समेत पैनकार्ड आदि बरामद किये है। जबकि उनका एक साथी फरार है। जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है। जिसको जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा। घटना को खुलासा एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने गुरूवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि 14 नवम्बर की देर शाम को थाना श्यामपुर ,चौकी चण्डीघाट क्षेत्रान्तर्गत नामिम गंगे घाट के पास काली माता मंदिर के पीछे सुनसान जगह पर रॉनी माटा अपनी महिला मित्र के साथ बैठा हुआ था, इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाशों ने रॉनी माटा के सिर पर लाठी-डण्डे से हमलाकर उसकी जेब से 70 हजार की नगदी, मोबाईल, पैन कार्ड व आधार कार्ड लूट कर फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीडित से घटना की जानकारी लेते हुए उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने बताया कि पीडित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लूट की सूचना पर उनके निर्देश पर लूटेरों को दबोचने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आसपास लोगों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से दो संदिग्धों को 15 नवम्बर को दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने अपना नाम भीम पुत्र उत्तम पासवान निवासी रीना प्रधान के घर के बंगल में चण्डीघाट थाना श्यामपुर हरिद्वार स्थाई पता ग्राम सुल्तानगंज थाना सुल्तान गंज जिला भागलपुर बिहार और शेखर पुत्र घनश्याम सैनी निवासी राम किशोर के घर के बगल मे चण्डीघाट थाना श्यामपुर हरिद्वार मूल पता ग्राम हल्दौर जिला बिजनौर बताते हुए अपनी नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए फाइनेंसर से लूट की वारदात को अपने फरार तीसरे साथी की मदद से अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से फाइनेंसर से लूटी गयी 65 हजार की नगदी, पैन कार्ड आदि बरामद की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं फरार तीसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। लूट की वारदात का खुलासा करने वाली टीम में श्यामपुर एसओ नितेश शर्मा, चंडीघाट चौकी प्रभारी अशोक रावत, उपनिरीक्षक शशि भूषण जोशी, कांस्टेबल रमेश सिंह शामिल रहे।
