बाजार से घर लौटते वक्त महिला के गले से चेन तोड़ी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बाजार से घर लौटते वक्त महिला के गले से चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपी को गंगनहर पुलिस ने चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से पुलिस ने महिला की सोने की चेन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली गंगनहर प्रभारी निरीक्षक मनीष उपाध्याय ने बताया कि दिनेश कुमार निवासी आवास विकास रुड़की ने बुधवार की देर शाम को तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि उसकी पत्नी देर शाम को रामनगर से घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान अज्ञात युवक ने उसकी पत्नी को धक्का देकर गले में पहनी सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। पत्नी ने बदमाश को पकड़ने के लिए शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग एकत्रित होते तब तक बदमाश फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने पीडित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराया गया।
पुलिस ने स्नेचर को दबोचने के लिए पुलिस टीम गठित करते हुए घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए स्नेचर की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी। पुलिस द्वारा स्नेचर को दबोचने के लिए मुखबिर की भी मदद ली गयी। पुलिस तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान सूचना पर पुलिस टीम ने महिला के गले से चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपी को पॉलीटेक्निक हॉस्टल ग्राउण्ड तिराहे से दबोच लिया।
जिसके पास से पुलिस ने महिला के गले से तोड़ी गई सोने की चेन बरामद कर ली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम’ अमन उर्फ रमन पुत्र हरिओम हाल निवासी हनुमान मन्दिर के पास अम्बर तालाब कोतवाली गंगनहर रूड़की हरिद्वार बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
