नशे की लत को पूरा करने के लिए बने दोपहिया वाहन चोर
रानीपुर झाल पर चैकिंग के दौरान चोरी की स्कूटी संग एक दबोचा
एक आरोपी गच्चा देकर हुआ मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हरिद्वार, रानीपुर, बहादराबाद, सिड़कुल क्षेत्रों से किये वाहन चोरी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने चैकिंग के दौरान चोरी की स्कूटी के साथ एक दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका साथी पुलिस को गच्चा देकर भाग निकलने में कामयाब रहा। पुलिस ने दबोचे गये आरोपी की निशानदेही से 06 चोरी की ओर बाइके बरामद की है। आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओ में मामला दर्ज कर लिया। जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। इस घटना का खुलासा एसपी क्राइम श्रीमती रेखा यादव ने गुरूवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि 26 जुलाई 23 की रात को चोर गली ज्वालापुर हरिद्वार से एक एक्टिवा चोरी हुई थी। जिसके सम्बंध में पीडित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर स्कूटी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम बीती शाम को रानीपुर झाल के पास वाहन चैकिंग अभियान में जुटी थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्ध देखे गये। जोकि पुलिस की चैकिंग को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम को शक होने पर दौड़ कर उनका पीछा कर कुछ ही दूरी पर एक स्कूटी सवार को दबोच लिया। लेकिन उसका साथी पुलिस को गच्चा देकर भाग निकलने में कामयाब रहा।
उन्होंने बताया कि संदिग्ध के पास से बरामद की गयी स्कूटी चोर गली से चोरी हुई निकली। पुलिस आरोपी को लेकर कोतवाली पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद नावेद पुत्र मोहम्मद नाजिर निवासी श्यामपुर कांगड़ी थाना श्यामपुर हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि वह नशे के आदी हैं और पैसा ना होने पर अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देते है। स्कूटी उसने अपने फरार साथी के साथ मिलकर चोर गली से चोरी की थी। आरोपी ने अपने पास चोरी किये गये ओर वाहनों की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही से चोरी की 06 बाइके ओर बरामद की। जिनको आरोपी ने हरिद्वार, रानीपुर, बहादराबाद, सिड़कुल आदि क्षेत्रों से चोरी करना कबूला है।
एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपी ने चोरी के वाहनों के पार्टस को निकाल कर कम दामों में बेचकर अपनी नशे की लत को पूरा करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिसको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस आरोपी के फरार साथी की तलाश में उसके सम्बंधित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जिसको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान सीओ ज्वालापुर निहारिका सेमवाल समेत वाहन चोर को दबोचने वाली पुलिस टीम मौजूद रही।
