एक बदमाश से 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद
अधिवक्ता की तहरीर पर किया था पुलिस ने छः पर मुकदमा
आरोपियों में कुख्यात सुनील राठी का नाम भी हैं शामिल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। अधिवक्ता से पांच लाख की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनमें अधिवक्ता को कॉल कर फिरौती के लिए धमकाने वाले बदमाश से 315 बोर का एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि अधिवक्ता अभिषेक भारद्वाज पुत्र अनंत शंकर शर्मा निवासी सरदारों वाली हवेली अपर रोड़ हरिद्वार ने 01 अप्रैल 23 को तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि 31 मार्च क दोपहर को वह अपने चैम्बर में बैठा था, तभी अनजान नम्बर से एक कॉल आयी। आरोप हैं कि कॉलर ने अपना नाम सागर बताते हुए धमकाने के अंदाज में बोला कि कुख्यात सुनील राठी ने कहा हैं कि कलीम के खर्चे के लिए 5 लाख देने है। जब कॉलर से पूछा गया कि वह कहा हैं, तो उसने अपने को गैंगस्टर कोर्ट के पास खड़ा होना बताया और वहीं मिलने को बोला। जब वह गैंगस्टर कोर्ट के पास पहुंचा तो कोई नजर नहीं आया। अधिवक्ता द्वारा कॉलर का कॉल कर पूछा गया तो उसने कहा वह कोर्ट से निकल गया है। हरिद्वार में जहां कहोगे वही आकर मिल लूंगा। जिसने अपने साथियों के नाम शुभम पवांर निवासी देहरादून, रजत सती और अजय शर्मा निवासी खड़खड़ी हरिद्वार बताया।
आरोप हैं कि कॉलर ने अधिवक्ता को एक पेटीएम नम्बर सेंड किया और उसी में मांगी गयी 5 लाख की रकम को ट्रांसफर करने के लिए बोला। कॉलर को कुछ देर बाद कॉल फिर आया और पूछा की अभी तक उसने रकम ट्रांसफर क्यों नहीं की? जिसपर उसने कॉलर को बोला कि पेटीएम नम्बर नहीं चल रहा है। जिसपर कॉलर ने अन्य पेटीएम की क्यूआर कोड की फोटो सेंड करते हुए धमकाया कि रकम इसमें ट्रांसफर कर दो, वरना अंजाम बहुत बुरा होगा। जब अधिवक्ता ने कॉलर से पैसे मांगने की वजह जानने का प्रयास किया, तो कॉलर बोला कि 05 अप्रैल को गैंगस्टर कोर्ट में कलीम भाई व अन्य साथियों की तारीख हैं। उनसे तुम को मिलवा देगा, उन्हीं से पूछ लेना। जिसके बाद फोन काट दिया। पुलिस ने पीडित की तहरीर पर सागर, कलीम भाई, कुख्यात सुनील राठी, शुभम पंवार, रजत सती और अजय शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि पुलिस ने फिरौती मामले में आज सूचना पर आईएमसी चौक रोशनाबाद सिडकुल से दो बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम सागर चौहान पुत्र अमरराज निवासी सैनिक कालोनी चाऊमण्डी थाना गंगनहर हरिद्वार और अभय शर्मा पुत्र गंगा शर्मा निवासी वानप्रस्थ आश्रम शमशान घाट रोड खडखडी कोतवाली नगर हरिद्वार बताया है। पुलिस ने एक बदमाश सागर चौहान से 315 बोर का एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
