एटीएम मशीन से रंगेहाथों पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार
दो तमंचे, जिंदा कारतूस, कुल्हाड़ी, हथौड़ी, छेनी, मिर्च पाउडर बरामद
शातिर बदमाशों का पुलिस अपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने रविवार की देर रात को जगजीतपुर क्षेत्र स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम मशीन तोड़कर नगदी लूट की योजना को नाकाम करते हुए पांच शातिर बदमाशों को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने दो तमंचे 12 एवं 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक कुल्हाड़ी, एक हथौड़ी, एक छेनी और एक बाइक बरामद की है। इसके अलावा उनकी योजना में रूकवाट डालने वालो की आंखों में झौकने के लिए साथ लाये मिर्च पाउडर भी बरामद किया है। पुलिस बदमाशों के अपराधिक इतिहास खंगालने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कनखल थाना एसओ नरेश राठौर ने बताया कि बीती देर रात जगजीतपुर चौकी पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गश्ती दल जब गुरूराम राय स्कूल के पास स्थित पीएनबी एटीएम मशीन के पास से होकर गुजरी। गश्ती दल को एटीएम मशीन के पास कुछ हलचल महसूस हुई और शक होने पर पुलिस ने एटीएम मशीन के बाहर जनरेटर की आड़ में छुपे एक संदिग्ध को दबोच लिया। पुलिस ने उससे वहां छुपने का कारण जाना तो उसने हैरान करने वाला सच उगल दिया। बदमाश ने बताया कि उसके अन्य साथी एटीएम मशीन के भीतर हैं जोकि मशीन को उखाड़ने में जुटे है।
इस जानकारी पर गश्ती दल ने जगजीतपुर चौकी और कनखल थाने का सूचित करते हुए पुलिस बल को मौके पर बुला लिया। पुलिस ने एटीएम मशीन की घेरबंदी कर भीतर से एटीएम मशीन तोड़कर नगदी लूटते चार बदमाशों को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने दो तमंचे 12 एवं 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक कुल्हाड़ी, एक हथौड़ी, एक छेनी, मिर्च पाउडर, एटीएम मशीन सिक्योरिटी लॉक सिस्टम और टूटे दो सीसीटीवी कैमरे भी बरामद किये। पुलिस ने मामले की जानकारी पीएनबी बैंक अधिकारियों को देते हुए बदमाशों को थाने लाया गया।
पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपना नाम अमन पुत्र मुकेश, अभिषेक पुत्र सीधक सिंह निवासीगण मुंडाखेड़ा लक्सर हरिद्वार, विशाल पुत्र रवि, दीक्षांत पुत्र विनोद और नरेश पुत्र सेवाराम निवासीगण फेरपुर पथरी जिला हरिद्वार बताया है। पुलिस ने बदमाशों को मिर्च पाउडर व तमंचे का इस्तेमाल करने का मौका तक नहीं दिया। बदमाश इतने शातिर थे कि उनकी पहचान ना हो सके, इसलिए एटीएम मशीन में लगे दोनों सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया था। पुलिस ने घटना स्थल से एक बाइक भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
बदमाशों को दबोचने वाली टीम में कनखल थाना एसओ नरेश राठौर, एसआई अंशुल अग्रवाल, एसआई भजराम चौहान, एचसी सुनील राणा, कांस्टेबल गजय तोमर, संतोष, बालकराम, महावीर और नितिन ठाकुर शामिल रहे।
